New Delhi: हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेवि), महेंद्रगढ़ में विश्वविद्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार गेट संख्या-1 के सौंदर्यीकरण कार्य का उद्घाटन मंगलवार सायं संपन्न हुआ। इस अवसर पर आयोजित गरिमामय समारोह में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. टंकेशवर कुमार ने उन्नत सुविधाओं से युक्त नव विकसित प्रवेश द्वार का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय की प्रथम महिला प्रो. सुनीता श्रीवास्तव, समकुलपति प्रो. पवन कुमार शर्मा तथा कुलसचिव प्रो. सुनील कुमार भी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. टंकेशवर कुमार ने कहा कि विश्वविद्यालय का प्रवेश द्वार केवल भौतिक संरचना नहीं, बल्कि संस्थान की पहचान, संस्कृति और दृष्टिकोण का प्रतीक होता है। उन्होंने कहा कि गेट संख्या-1 के नवीनीकरण से विश्वविद्यालय परिसर के सौंदर्य और गरिमा में वृद्धि होगी तथा विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं आगंतुकों को बेहतर अनुभव प्राप्त होगा। कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय निरंतर आधारभूत संरचनाओं के विकास के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

विश्वविद्यालय के समकुलपति प्रो. पवन कुमार शर्मा ने कहा कि विश्वविद्यालय परिसर के विकास कार्य विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए प्रेरणादायी वातावरण तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि नवीन एवं सुव्यवस्थित अधोसंरचना विश्वविद्यालय की प्रगतिशील सोच को दर्शाती है तथा यह पहल परिसर की समग्र छवि को और सुदृढ़ बनाएगी।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. सुनील कुमार ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन परिसर के सतत विकास और सुविधाओं के उन्नयन हेतु निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि गेट संख्या-1 का नवीनीकरण न केवल सौंदर्यीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि यह सुरक्षा, सुव्यवस्था एवं आगंतुकों के स्वागत की दृष्टि से भी उपयोगी सिद्ध होगा। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के अधिकारीगण, संकाय सदस्य, कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।







