New Delhi: हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेवि), महेंद्रगढ़ के कुलपति प्रो. टंकेशवर कुमार को विश्वविद्यालय में मानसिक स्वास्थ्य, विद्यार्थी कल्याण तथा सुरक्षित एवं समावेशी शैक्षणिक वातावरण के निर्माण में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए नेशनल वेल-बीइंग लीडरशिप अवार्ड-2026 से सम्मानित किया गया।
नई दिल्ली स्थित इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन एवं वेल-बीइंग लीडरशिप अवार्ड समारोह में उन्हें संस्थान प्रमुख श्रेणी के अंतर्गत यह सम्मान प्रदान किया गया। यह आयोजन एक्सप्रेशंस इंडिया के लाइफ स्किल्स, नेशनल स्कूल एंड यूनिवर्सिटी मेंटल हेल्थ कार्यक्रम के अंतर्गत किया गया।
विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. टंकेशवर कुमार को मिला यह सम्मान विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य, समग्र विकास और कल्याण को प्राथमिकता देने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की पहचान है। वहीं, प्रो. पायल चंदेल और मंजू फोगाट को प्राप्त सम्मान विश्वविद्यालय में मार्गदर्शन, सहभागिता और विद्यार्थी कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय की डीन, स्कूल ऑफ एलाइड हेल्थ साइंसेज, प्रो. पायल चंदेल को ’वेल-बीइंग मेंटर चौंपियन’ श्रेणी में सम्मानित किया गया। वहीं, विश्वविद्यालय की छात्रा मंजू फोगाट को ’स्टूडेंट वेल-बीइंग एंबेसडर’ श्रेणी में सम्मान प्राप्त हुआ। इन सम्मानों के माध्यम से संस्थागत नेतृत्व, विद्यार्थियों के मार्गदर्शन तथा विद्यार्थी-केंद्रित कल्याणकारी पहलों में योगदान को मान्यता दी गई।
राष्ट्रीय सम्मेलन का विषय विद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में बाल संरक्षण और मानसिक स्वास्थ्य सुरक्षा की नई समझ विकसित करना था। इसमें शैक्षणिक संस्थानों में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशीलता, जीवन कौशल विकास, विद्यार्थियों के कल्याण, सुरक्षित परिसर तथा समावेशी शिक्षण वातावरण को प्रोत्साहित करने जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर बल दिया गया। हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ-साथ विद्यार्थियों के मानसिक, सामाजिक एवं भावनात्मक कल्याण को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। ये सम्मान विश्वविद्यालय के लिए गौरव का विषय हैं और परिसर में सुरक्षित, संवेदनशील तथा समावेशी शैक्षणिक वातावरण विकसित करने के प्रयासों को प्रोत्साहित करते हैं।







