नई दिल्ली: जतीन कुमार नायक ने आज नई दिल्ली स्थित कंपनी के पंजीकृत कार्यालय में भारतीय नवीकरणीय ऊर्जा विकास एजेंसी लिमिटेड (IREDA) के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (CMD) का पदभार ग्रहण किया। इरेडा, भारत सरकार के नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय (MNRE) के अधीन एक नवरत्न केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र का उपक्रम है।
यह नियुक्ति मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति (ACC) की मंजूरी के बाद हुई है। नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय ने 29 अक्टूबर 2026 के आदेश के माध्यम से इसकी जानकारी दी थी। जे. के. नायक ने भुवनेश्वर, ओडिशा स्थित उत्कल विश्वविद्यालय से वाणिज्य में स्नातकोत्तर की डिग्री प्राप्त की है। वह इंस्टीट्यूट ऑफ कॉस्ट एंड मैनेजमेंट अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया के फेलो सदस्य और योग्य कंपनी सचिव हैं। नायक के पास वित्तीय विशेषज्ञता के साथ-साथ कॉरपोरेट गवर्नेंस, नियामकीय मामलों और बड़े सार्वजनिक क्षेत्र के संगठनों की कार्यप्रणाली की भी समझ है।
सीएमडी नियुक्त होने से पहले जे. के. नायक भारत सरकार के विद्युत मंत्रालय के अधीन महारत्न सीपीएसई आरईसी लिमिटेड में कार्यकारी निदेशक (वित्त) के पद पर कार्यरत थे। वह आरईसी की सहायक कंपनी, तत्कालीन आरईसी ट्रांसमिशन प्रोजेक्ट्स कंपनी लिमिटेड के मुख्य वित्तीय अधिकारी (CFO) के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं। अपने करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने एनएचपीसी लिमिटेड, हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड, नेशनल एल्युमीनियम कंपनी लिमिटेड (नाल्को) और नीलाचल इस्पात निगम लिमिटेड में भी काम किया है।
जे. के. नायक तीन दशकों से अधिक का समृद्ध और विविध अनुभव रखने वाले अनुभवी पेशेवर हैं। ऐसे समय में जब भारत के स्वच्छ ऊर्जा बदलाव को गति देने में वित्तपोषण की महत्वपूर्ण भूमिका है, वह वित्तीय विशेषज्ञता, बिजली क्षेत्र की गहरी समझ और विभिन्न क्षेत्रों में नेतृत्व का अनूठा अनुभव लेकर आए हैं। उनका व्यापक अनुभव बिजली क्षेत्र के साथ-साथ खनन और धातु उद्योग जैसे संसाधन-प्रधान क्षेत्रों तक फैला हुआ है।
इसके अलावा, उन्हें घरेलू और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संसाधन जुटाने, रणनीतिक कोष प्रबंधन, कॉरपोरेट वित्त, कराधान एवं कानूनी मामलों, परियोजना मूल्यांकन एवं निगरानी, ऋण परिचालन, ऋण वसूली और दबावग्रस्त परिसंपत्तियों के प्रबंधन में भी व्यापक विशेषज्ञता हासिल है। उनकी व्यापक विशेषज्ञता और रणनीतिक दृष्टिकोण भारत में नवीकरणीय ऊर्जा के विकास को बढ़ावा देने और उसके वित्तपोषण के इरेडा के मिशन को आगे बढ़ाने में योगदान देंगे।







