New Delhi: इंडियन रिन्यूएबल एनर्जी डेवलपमेंट एजेंसी लिमिटेड (IREDA) ने सोमवार को नई दिल्ली स्थित अपने कॉर्पोरेट कार्यालय में दो दिवसीय नि-क्षय शिविर (टीबी स्क्रीनिंग कैंप) की शुरुआत की। यह शिविर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा शुरू किए गए टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत चलाए जा रहे 100-दिवसीय सघन अभियान का हिस्सा है।

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के केंद्रीय टीबी प्रभाग की टीम ने कर्मचारियों की जांच की, जिसका उद्देश्य क्षय रोग (टीबी) की समय पर पहचान और रोकथाम सुनिश्चित करना था।
शिविर का उद्घाटन आईआरईडीए के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक प्रदीप कुमार दास ने कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में किया।
इस अवसर पर दास ने कहा, “आईआरईडीए राष्ट्रीय स्वास्थ्य पहलों और टीबी मुक्त भारत के सरकार के विजन को समर्थन देने के लिए प्रतिबद्ध है। यह शिविर स्वच्छ ऊर्जा के हमारे मिशन के साथ-साथ कर्मचारियों के स्वास्थ्य एवं कल्याण के प्रति हमारी जिम्मेदारी को भी दर्शाता है। टीबी उन्मूलन के लिए समय पर जांच बेहद महत्वपूर्ण है और हम सभी से इसमें भाग लेने का आग्रह करते हैं।”







