New Delhi: हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेवि), महेंद्रगढ़ के कुलपति प्रो. टंकेशवर कुमार को हरियाणा राज्य भारत स्काउट्स एंड गाइड्स का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति हरियाणा लोक भवन, चंडीगढ़ में आयोजित भारत स्काउट्स एंड गाइड्स हरियाणा की 44वीं वार्षिक आम सभा के दौरान प्रदान की गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता हरियाणा के राज्यपाल एवं भारत स्काउट्स एंड गाइड्स हरियाणा के अध्यक्ष एवं मुख्य संरक्षक प्रो. असीम कुमार घोष ने की। इस अवसर पर राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने प्रो. टंकेशवर कुमार को हरियाणा राज्य भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के उपाध्यक्ष पद का नियुक्ति अधिपत्र प्रदान किया।
इस अवसर पर राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने कहा कि भारत स्काउट्स एंड गाइड्स युवाओं में सेवा, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, राष्ट्रभक्ति तथा सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने वाला एक महत्वपूर्ण संगठन है। उन्होंने संगठन से जुड़े पदाधिकारियों का आह्वान किया कि वे युवाओं को समाज और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करें।
हरियाणा राज्य भारत स्काउट्स एंड गाइड्स का उपाध्यक्ष पद का दायित्व मिलने पर प्रो. टंकेशवर कुमार ने हरियाणा के राज्यपाल एवं भारत स्काउट्स एंड गाइड्स हरियाणा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह नियुक्ति उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक महत्वपूर्ण दायित्व भी है। उन्होंने कहा कि स्काउट्स एवं गाइड्स का उद्देश्य युवाओं में चरित्र निर्माण, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सेवा भावना और मानवीय मूल्यों का विकास करना है, जो विकसित भारत के निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
गौरतलब है कि प्रो. टंकेशवर कुमार शिक्षा, अनुसंधान एवं प्रशासन के क्षेत्र में अपने उल्लेखनीय योगदान के लिए जाने जाते हैं। उनके नेतृत्व में हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अनेक महत्वपूर्ण उपलब्धियां अर्जित की हैं। विश्वविद्यालय ने वैश्विक रैंकिंग में अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराई है तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020के प्रभावी क्रियान्वयन, अनुसंधान, नवाचार, कौशल विकास और सामाजिक उत्तरदायित्व के क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किए हैं।
विश्वविद्यालय परिवार ने प्रो. टंकेशवर कुमार को हरियाणा राज्य भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के उपाध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं तथा विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में संगठन की गतिविधियों को नई दिशा और गति मिलेगी तथा युवा पीढ़ी में सेवा, अनुशासन एवं नेतृत्व के मूल्यों का और अधिक प्रभावी प्रसार होगा।







