नई दिल्ली: कर्नाटक बैंक ने ‘ट्रेड कनेक्ट’ (Trade Konnect) डिजिटल प्लेटफॉर्म लॉन्च किया है। यह प्लेटफॉर्म ग्राहकों को आयात, निर्यात लेनदेन और विदेशों में सीमा पार धन भेजने (आउटवर्ड क्रॉस-बॉर्डर रेमिटेंस) से संबंधित अनुरोध ऑनलाइन, कभी भी और कहीं से भी जमा करने की सुविधा देता है। इससे ग्राहकों को बैंक शाखा में व्यक्तिगत रूप से जाने की आवश्यकता नहीं होगी।
इस प्लेटफॉर्म का औपचारिक शुभारंभ कर्नाटक बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी राघवेंद्र एस. भट ने मंगलुरु स्थित बैंक के प्रधान कार्यालय में आयोजित एक वर्चुअल समारोह के माध्यम से किया।
इस अवसर पर राघवेंद्र एस. भट ने कहा, “विदेशी मुद्रा लेनदेन और सीमा पार धन भेजने से संबंधित अनुरोधों को ऑनलाइन जमा करने के लिए ‘ट्रेड कनेक्ट’ डिजिटल प्लेटफॉर्म लागू करना ग्राहक अनुभव को बेहतर बनाने और बैंक के डिजिटल परिवर्तन को गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह प्लेटफॉर्म अंतरराष्ट्रीय व्यापार से जुड़े व्यवसायों और विदेशों में धन भेजने वाले व्यक्तियों की बदलती जरूरतों को पूरा करने के लिए एक सहज, सुरक्षित और प्रभावी डिजिटल माध्यम उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। हमारी डिजिटल रणनीति में ग्राहकों की सुविधा और लेनदेन को आसान बनाना प्राथमिकता में रहेगा, जिससे ग्राहकों को और अधिक लाभ मिलेगा।”
बैंक की कार्यकारी निदेशक बीजी एस. एस. ने कहा, “बैंक ग्राहकों के लिए बैंकिंग सेवाओं को सरल, तेज और अधिक सुलभ बनाने के लिए प्रौद्योगिकी का उपयोग करने पर केंद्रित है। यह डिजिटल प्लेटफॉर्म ग्राहकों को सीमा पार व्यापार और धन प्रेषण से जुड़े प्रमुख लेनदेन के अनुरोध जमा करने का सुविधाजनक माध्यम उपलब्ध कराता है। यह बेहतर डिजिटल बैंकिंग अनुभव प्रदान करने के हमारे दृष्टिकोण को और मजबूत करता है।”
इस कार्यक्रम में बैंक की कार्यकारी निदेशक बीजी एस. एस., मुख्य व्यवसाय अधिकारी चंद्रशेखर, मुख्य परिचालन अधिकारी राजा बी. एस. सहित बैंक के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। प्लेटफॉर्म के प्रौद्योगिकी साझेदार काइजर सॉफ्टवेयर (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड के सह-संस्थापक एवं बिक्री निदेशक जय शाह भी इस अवसर पर मौजूद थे।







