Bharat Neeti

भारत नीति

Be Ahead With Economy And Policy Updates

ताजा खबर
भारत को उन्नत प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में विकासकर्ता, नवोन्मेषक और वैश्विक अग्रणी बनना चाहिए: रक्षा मंत्री सोलेक्स एनर्जी ने Q2 और H1 FY27 के वित्तीय परिणामों की घोषणा की वेदांता द्वारा प्रस्तुत जयपुर लिटरेचर फ़ेस्टिवल के ऐतिहासिक 20वें संस्करण की शोभा बढ़ाएँगे राहुल अकरकर, सिमी गरेवाल और विशाल भारद्वाज भारत-श्रीलंका संयुक्त सैन्य अभ्यास मित्र शक्ति 2026 में भाग लेने के लिए भारतीय सैन्‍य दल रवाना बीएचईएल ने बाड़मेर और कल्याणपुर में दो सिंक्रोनस कंडेंसर परियोजनाओं के लिए पावरग्रिड से ऑर्डर प्राप्त किए आईआरबी ग्रुप के अक्टूबर माह के टोल राजस्व में 26% की उछाल, ₹836 करोड़ पर पहुंचा
Search
Close this search box.

भारत नीति

Be Ahead With Economy And Policy Updates

भारत को उन्नत प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में विकासकर्ता, नवोन्मेषक और वैश्विक अग्रणी बनना चाहिए: रक्षा मंत्री सोलेक्स एनर्जी ने Q2 और H1 FY27 के वित्तीय परिणामों की घोषणा की वेदांता द्वारा प्रस्तुत जयपुर लिटरेचर फ़ेस्टिवल के ऐतिहासिक 20वें संस्करण की शोभा बढ़ाएँगे राहुल अकरकर, सिमी गरेवाल और विशाल भारद्वाज भारत-श्रीलंका संयुक्त सैन्य अभ्यास मित्र शक्ति 2026 में भाग लेने के लिए भारतीय सैन्‍य दल रवाना बीएचईएल ने बाड़मेर और कल्याणपुर में दो सिंक्रोनस कंडेंसर परियोजनाओं के लिए पावरग्रिड से ऑर्डर प्राप्त किए आईआरबी ग्रुप के अक्टूबर माह के टोल राजस्व में 26% की उछाल, ₹836 करोड़ पर पहुंचा

भारत को उन्नत प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में विकासकर्ता, नवोन्मेषक और वैश्विक अग्रणी बनना चाहिए: रक्षा मंत्री

“रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता केवल आर्थिक लक्ष्य नहीं, बल्कि एक रणनीतिक आवश्यकता भी है”
“रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता केवल आर्थिक लक्ष्य नहीं, बल्कि एक रणनीतिक आवश्यकता भी है”

New Delhi: रक्षा मंत्री  राजनाथ सिंह ने भारत को केवल उन्नत प्रौद्योगिकियों का उपयोगकर्ता ही नहीं, बल्कि महत्वपूर्ण क्षेत्रों में उनका विकासकर्ता, नवप्रवर्तक और वैश्विक अग्रणी बनाने का आह्वान किया है। उन्होंने रक्षा तैयारियों और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए देश में गैर विनाशकारी परीक्षण (एनडीटी) की व्यवस्था को मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया। वे 15 नवंबर, 2026 को ‘गैर विनाशकारी मूल्यांकन एवं सहायक प्रौद्योगिकियों’ पर आयोजित 36वें वार्षिक सम्मेलन और एयरोस्पेस क्षेत्र में ‘गैर विनाशकारी परीक्षण’ पर 15वें अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी को वर्चुअल माध्यम से संबोधित कर रहे थे। श्री राजनाथ सिंह ने उन्नत निरीक्षण तकनीकों के क्षेत्र में स्वदेशी क्षमताओं के विकास, गुणवत्ता आश्वासन की निरंतर प्रक्रियाओं को बढ़ावा देने और विशेष रूप से रणनीतिक अनुप्रयोगों में परीक्षण परिणामों की सटीकता, विश्वसनीयता एवं अखंडता सुनिश्चित करने के महत्व पर बल दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि रणनीतिक अनुप्रयोगों में परीक्षण परिणामों की अखंडता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता।

रक्षा मंत्री ने कहा, “हमें उन्नत निरीक्षण तकनीकों, विशेष सेंसरों, मूल्यांकन उपकरणों और उनसे जुड़े सॉफ्टवेयर के क्षेत्र में अपनी स्वदेशी क्षमताओं को मजबूत करना होगा। इन क्षेत्रों में घरेलू क्षमताओं का विकास तकनीकी निर्भरता कम करने और रक्षा क्षेत्र की महत्वपूर्ण आपूर्ति श्रृंखलाओं को सुरक्षित बनाने के लिए आवश्यक है। रक्षा मंत्री ने कहा कि हमें पूरे रक्षा औद्योगिक तंत्र में गुणवत्ता सुनिश्चित करने की निरंतर प्रक्रियाओं को बढ़ावा देना चाहिए। इस दिशा में सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, निजी विनिर्माताओं, स्टार्टअप और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों की महत्वपूर्ण भूमिका है। यह सुनिश्चित करना होगा कि रीक्षण के परिणाम सटीक, विश्वसनीय और पता लगाने योग्य हों। साथ ही, ये मजबूत प्रक्रियाओं और उचित मानकों पर आधारित होने चाहिए तथा इनका मूल्यांकन योग्य पेशेवरों द्वारा किया जाना चाहिए।”

राजनाथ सिंह ने इस बात पर जोर दिया कि एनडीटी तकनीकें सामग्रियों, पुर्जों और संरचनाओं को बिना किसी नुकसान पहुंचाए उनकी अखंडता की जांच करने में सक्षम बनाती हैं। इस अवधारणा को स्पष्ट करते हुए उन्होंने कहा कि जिस प्रकार अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे बिना शल्य चिकित्सा के मानव शरीर की जांच करने में मदद करते हैं, उसी प्रकार एनडीटी तकनीकों के माध्यम से महत्वपूर्ण पुर्जों को खोले या क्षतिग्रस्त किए बिना उनमें मौजूद आंतरिक दोषों का पता लगाया जा सकता है।

रक्षा मंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि जैसे-जैसे भारतीय रक्षा प्रणालियां अधिक उन्नत होती जा रही हैं, वैसे-वैसे हर महत्वपूर्ण सामग्री, पुर्जे, असेंबली व निर्माण प्रक्रिया को गुणवत्ता और विश्वसनीयता के उच्चतम मानकों पर खरा उतरना चाहिए। उन्होंने कहा, “छिपी हुई कमियां परिचालन उपलब्धता को प्रभावित कर सकती हैं, रखरखाव की जरूरतों को बढ़ा सकती हैं, उपकरणों की सेवा अवधि को कम कर सकती हैं और गंभीर स्थितियों में मिशन की सफलता को खतरे में डाल सकती हैं। ऐसे में हमें केवल कमियों की पहचान करने की संस्कृति से आगे बढ़कर, निर्माण प्रक्रिया के हर चरण में गुणवत्ता को शामिल करते हुए, इन कमियों को होने से रोकने की दिशा में काम करने की जरूरत है।“

राजनाथ सिंह ने इस बात पर जोर दिया कि किसी राष्ट्र की प्रगति केवल उसके द्वारा विकसित की गई प्रौद्योगिकियों पर ही निर्भर नहीं करती, बल्कि उसके द्वारा निर्मित प्रणालियों की गुणवत्ता, विश्वसनीयता और सुरक्षा भी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि मिसाइलों, विमानों, नौसैनिक प्लेटफॉर्म और अंतरिक्ष यानों सहित रक्षा प्रणालियों के मामले में गुणवत्ता केवल निर्माण की आवश्यकता नहीं है, बल्कि यह परिचालन विश्वसनीयता एवं राष्ट्रीय सुरक्षा का अनिवार्य हिस्सा है।

रक्षा मंत्री ने इस क्षेत्र के रणनीतिक महत्व पर जोर देते हुए कहा कि तकनीकी नेतृत्व हासिल करने की आकांक्षा रखने वाले देश के लिए एनडीटी का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि रक्षा क्षेत्र में भारत का आत्मनिर्भरता हासिल करने का प्रयास केवल एक आर्थिक लक्ष्य नहीं, बल्कि एक रणनीतिक आवश्यकता भी है।

राजनाथ सिंह ने भारत के बढ़ते स्वदेशी रक्षा तंत्र का उल्लेख करते हुए मिसाइल विकास, नौसैनिक प्लेटफॉर्म, एयरोस्पेस इंजीनियरिंग, रडार प्रणालियों और अंतरिक्ष अनुप्रयोगों के क्षेत्र में हासिल उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ये उपलब्धियां देश की बढ़ती वैज्ञानिक और औद्योगिक क्षमताओं को दर्शाती हैं। रक्षा मंत्री ने भारत के पहले स्वदेशी विमानवाहक पोत आईएनएस विक्रांत को नौसेना में शामिल किए जाने को ‘आत्मनिर्भर भारत’ की यात्रा का एक महत्वपूर्ण पड़ाव बताया।

रक्षा मंत्री ने नवाचार के व्यापक महत्व पर चर्चा करते हुए कहा कि यह केवल वैज्ञानिक खोजों व नए आविष्कारों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें मौजूदा तकनीकों एवं प्रणालियों में निरंतर सुधार करना, उन्हें उन्नत बनाना और उनकी कार्यक्षमता को बेहतर करना भी शामिल है। उन्होंने रक्षा क्षेत्र में संस्थागत व्यवस्थाओं और नीतिगत पहलों के माध्यम से नवाचार को बढ़ावा देने की दिशा में हुई प्रगति का उल्लेख किया। श्री सिंह ने कहा कि रक्षा उत्कृष्टता के लिए नवाचार (आईडेक्स) और प्रौद्योगिकी विकास निधि (टीडीएफ) जैसी महत्वपूर्ण पहलों ने नए विचारों, तकनीकी विकास तथा प्रयोगों को प्रोत्साहित किया है। इन गतिविधियों से भारत के रक्षा तंत्र को नई दिशा मिली है।

राजनाथ सिंह ने तेजी से बदलते वैश्विक सुरक्षा परिदृश्य के अनुरूप स्वयं को ढालने के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि स्वदेशी हथियारों, रक्षा प्लेटफॉर्मों तथा सहायक प्रणालियों को हर समय उच्च स्तर की विश्वसनीयता और कार्यक्षमता बनाए रखनी चाहिए। उन्होंने एनडीटी के क्षेत्र से जुड़े पेशेवरों से आग्रह किया कि वे अपनी क्षमताओं को लगातार उन्नत करते रहें और उभरती  प्रौद्योगिकियों तथा बदलती सुरक्षा आवश्यकताओं के अनुरूप नवाचार की भावना को बनाए रखें।

रक्षा मंत्री ने बिना नुकसान पहुंचाए मूल्यांकन के क्षेत्र में हो रहे तकनीकी बदलावों पर जोर देते हुए कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, रोबोटिक्स, उन्नत सेंसर, डिजिटल प्रतिरूप और पूर्वानुमान आधारित विश्लेषण जैसी तकनीकें निरीक्षण व संरचनात्मक स्थिति की निगरानी की संभावनाओं को काफी बढ़ा रही हैं। उन्होंने कहा कि ये तकनीकें निरीक्षण की गति एवं निरंतरता में सुधार कर सकती हैं, जटिल आंकड़ों के विश्लेषण को आसान बना सकती हैं और ऐसे पैटर्न की पहचान करने में मदद कर सकती हैं, जिन्हें पारंपरिक तरीकों से आसानी से पहचान पाना संभव नहीं है।

राजनाथ सिंह ने इस बात पर जोर दिया कि भविष्य में स्थापित निरीक्षण तकनीकों को उन्नत डिजिटल तकनीकों के साथ सोच-समझकर जोड़ना महत्वपूर्ण होगा, ताकि निरीक्षण प्रक्रियाओं को अधिक सटीक और कुशल बनाया जा सके तथा उन्हें उभरती औद्योगिक जरूरतों के अनुरूप ढाला जा सके। उन्होंने आह्वान करते हुए कहा कि वह केवल इन तकनीकों को अपनाने तक सीमित न रहे, बल्कि अपनी रणनीतिक और औद्योगिक जरूरतों के अनुसार स्वदेशी समाधान भी विकसित करे। रक्षा मंत्री ने कहा कि अनुसंधान, उन्नत उपकरणों, सॉफ्टवेयर तथा कुशल कार्यबल में निवेश से देश की घरेलू क्षमताएं मजबूत होंगी और भारतीय तकनीकों के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अपनी जगह बनाना आसान होगा।

रक्षा मंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि नवाचार तभी फलता-फूलता है, जब सरकार, उद्योग, शिक्षा जगत और अनुसंधान प्रयोगशालाएं मिलकर काम करती हैं। उन्होंने ‘संपूर्ण सरकार’ और ‘समग्र तंत्र’ के दृष्टिकोण को अपनाने का आह्वान किया, जिसके तहत सभी हितधारक तकनीकी प्रगति व रणनीतिक आत्मनिर्भरता के साझा लक्ष्य को हासिल करने के लिए मिलकर प्रयास करें।

तेलंगाना के हैदराबाद में इंडियन सोसाइटी फॉर नॉन-डिस्ट्रक्टिव टेस्टिंग द्वारा आयोजित इस तीन दिवसीय सम्मेलन में 2,000 से अधिक पेशेवर, शोधकर्ता, रक्षा उद्योग विशेषज्ञ और विद्यार्थी एक साथ जुटे हैं। इस दौरान वे गैर विनाशकारी परीक्षण के क्षेत्र में हुई नवीनतम प्रगति, उभरती तकनीकों और उनके अनुप्रयोगों पर चर्चा कर रहे हैं। यह सम्मेलन उद्योग जगत, शिक्षा जगत और अनुसंधान संस्थानों से जुड़े लोगों को ज्ञान के आदान-प्रदान, तकनीकी चर्चाओं तथा आपसी सहयोग के लिए एक साझा मंच प्रदान करता है। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य गैर विनाशकारी परीक्षण की क्षमताओं को मजबूत करना, नवाचार को बढ़ावा देना और रक्षा तथा एयरोस्पेस सहित विभिन्न क्षेत्रों में अत्याधुनिक निरीक्षण एवं मूल्यांकन तकनीकों को अपनाने की प्रक्रिया को गति देना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You are warmly welcomed to India’s first On-Demand News Platform. We are dedicated to fostering a democracy that encourage diverse opinions and are committed to publishing news for all segments of the society. If you believe certain issues or news stories are overlooked by mainstream media, please write to us. We will ensure your news is published on our platform. Your support would be greatly appreciated if you could provide any relevant facts, images, or videos related to your issue.

Contact Form

Newsletter

Recent News

Follow Us

Related News