New Delhi: हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेवि), महेंद्रगढ़ के स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के अंतर्गत संचालित प्रिंटिंग एवं पैकेजिंग प्रौद्योगिकी विभाग के पांच विद्यार्थियों का चयन विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित प्लेसमेंट अभियान के माध्यम से प्रतिष्ठित कंपनियों में हुआ है। चयनित विद्यार्थियों को एसपीएस पैकेजिंग, रैंडस्टैड इंडिया प्राइवेट लिमिटेड,डेंटलकार्ट तथा एसजीआर (777) फूड्स प्राइवेट लिमिटेड जैसी अग्रणी कंपनियों में रोजगार के अवसर प्राप्त हुए हैं। यह उपलब्धि विश्वविद्यालय द्वारा प्रदान की जा रही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, उद्योगोन्मुखी प्रशिक्षण तथा विद्यार्थियों के व्यावसायिक विकास के लिए किए जा रहे सतत प्रयासों को दर्शाती है।
इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. टंकेशवर कुमार ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता उद्योग जगत में हकेवि के विद्यार्थियों की बढ़ती पहचान और स्वीकार्यता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ रोजगारोन्मुखी कौशल प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. सुनील कुमार ने भी चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी। यह प्लेसमेंट प्रक्रिया विश्वविद्यालय के प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट प्रकोष्ठ द्वारा निदेशक डॉ. दिव्या के नेतृत्व में आयोजित की गई। इस पूरी प्रक्रिया का समन्वयन प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट प्रकोष्ठ के उपनिदेशक डॉ. विकास सिवाच द्वारा किया गया। विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्रिंटिंग एवं पैकेजिंग प्रौद्योगिकी विभाग के संकाय सदस्यों अनिल कुंडू एवं डॉ. संदीप बूरा के सहयोग की सराहना की।







