New Delhi: हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेवि), महेंद्रगढ़ के स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के सिविल इंजीनियरिंग विभाग द्वारा बी.टेक. अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए ‘मेजर इंटर्नशिप अवार्ड‘ के विजेताओं की घोषणा की गई है। सिविल इंजीनियरिंग विभाग के विद्यार्थियों ने अपनी उत्कृष्ट इंटर्नशिप के माध्यम से यह सम्मान हासिल किया है। यह सम्मान विद्यार्थियों की तकनीकी दक्षता, नवाचारी सोच और उद्योग जगत में उनके उत्कृष्ट योगदान को मान्यता प्रदान करने के उद्देश्य से दिया गया। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. टंकेशवर कुमार ने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि विश्वविद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुसंधान और कौशल विकास के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
विश्वविद्यालय के समकुलपति प्रो. पवन कुमार शर्मा और कुलसचिव प्रो. सुनील कुमार ने सभी विजेता विद्यार्थियों को उनकी इस शानदार शैक्षणिक उपलब्धि पर बधाई दी। स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के डीन प्रो. विकास गर्ग और सिविल इंजीनियरिंग विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. भास्कर दास ने भी विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, नवाचार और तकनीकी कौशल की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए प्रेरित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस प्रतिष्ठित पुरस्कार में उत्कर्ष श्रीवास्तव और विकास शर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है। वहीं, श्रेष्ठ सिंह और निशा पटेल ने द्वितीय पुरस्कार हासिल किया। इसके अलावा, उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए विवेक कर्पूरन, मुस्कान और प्रभात चौहान को संयुक्त रूप से तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों के विशेष प्रयासों को सराहने के लिए ‘सिग्नेचर ग्लोबल एंडोमेंट अवार्ड‘ की भी घोषणा की गई। इसके अंतर्गत अंकित राज और के.एम. खुशबू को ग्यारह हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया।







