नई दिल्ली: भारत 22-23 जून 2026 को ब्रिक्स राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों की बैठक की मेजबानी करेगा। बैठक की अध्यक्षता भारत गणराज्य के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल करेंगे।
विदेश मंत्रालय (एमईए) ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि बैठक के दौरान ब्रिक्स सदस्य देशों के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार और प्रतिनिधिमंडल प्रमुख ‘आज विश्व के समक्ष मौजूद गैर-पारंपरिक सुरक्षा चुनौतियां’ विषय पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे। वे राष्ट्रीय सुरक्षा चुनौतियों की तेजी से बदलती प्रकृति तथा उभरते सुरक्षा खतरों में नई प्रौद्योगिकियों की भूमिका पर चर्चा करेंगे।
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार और प्रतिनिधिमंडल प्रमुख हाल ही में आयोजित आतंकवाद-रोधी तथा सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकियों के उपयोग में सुरक्षा संबंधी ब्रिक्स संयुक्त कार्य समूहों के परिणामों की भी समीक्षा करेंगे।







