नई दिल्ली: वैश्विक आईटी समाधान एवं सेवाएं प्रदाता Hexaware Technologies Limited ने घोषणा की है कि 9 जून 2026 को United States District Court for the Northern District of Illinois ने Natsoft Corporation और उसकी सहयोगी कंपनी Updraft, LLCद्वारा हेक्सावेयर और उसकी सहायक कंपनी Hexaware Technologies Inc. के खिलाफ दायर शिकायत में किए गए सभी दावों को खारिज कर दिया है। अदालत ने नैटसॉफ्ट के पेटेंट उल्लंघन संबंधी दावों को भी निरस्त कर दिया, जो दो पेटेंट परिवारों के अंतर्गत नौ पेटेंटों से जुड़े थे।
अदालत ने अपने फैसले में कहा कि नैटसॉफ्ट के पेटेंट व्यापक और अमूर्त विचारों पर आधारित हैं तथा उनमें किसी विशिष्ट और ठोस आविष्कार का उल्लेख नहीं है। इस कारण वे अमेरिकी कानून के तहत पेटेंट संरक्षण के योग्य नहीं हैं। अदालत का यह निष्कर्ष नैटसॉफ्ट के पेटेंटों की वैधता और दायरे से संबंधित है, न कि हेक्सावेयर के प्लेटफॉर्मों की मौलिकता से। संघीय पेटेंट दावों के खारिज होने के बाद अदालत ने राज्य कानून से जुड़े दावों पर अधिकार क्षेत्र बनाए रखने से भी इनकार कर दिया और उन्हें भी खारिज कर दिया। हालांकि अदालत ने वादियों को नया संघीय दावा जोड़ते हुए संशोधित शिकायत दाखिल करने के लिए समय दिया है। ऐसा नहीं होने पर अदालत अंतिम निर्णय जारी कर सकती है।
हेक्सावेयर ने कहा कि जिन आविष्कारों को लेकर नैटसॉफ्ट ने दावा किया था, वे पेटेंट योग्य होने के लिए अत्यधिक अमूर्त थे। इसके विपरीत, हेक्सावेयर के प्लेटफॉर्म विशिष्ट इंजीनियरिंग, वर्षों के आंतरिक अनुसंधान एवं विकास तथा बड़े वित्तीय निवेश पर आधारित हैं। कंपनी के अनुसार उसके Amaze®और Tensai® प्लेटफॉर्मों में उपयोग की गई तकनीकों को अमेरिकी पेटेंट संरक्षण प्राप्त है, जबकि Tensai® से संबंधित एक अतिरिक्त अमेरिकी पेटेंट को हाल ही में स्वीकृति भी मिल चुकी है।
हेक्सावेयर के कार्यकारी निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी Srikrishna Ramakarthikeyan ने कहा, “मुकदमा दायर होने के दिन से ही हमें अपने पक्ष पर पूरा भरोसा था और अदालत का फैसला उसी विश्वास को दर्शाता है। ये प्लेटफॉर्म हमारे स्वयं के अनुसंधान और हमारे इंजीनियरों के वर्षों के निवेश का परिणाम हैं। अदालत ने माना कि नैटसॉफ्ट के दावे पेटेंट योग्य आविष्कार की श्रेणी में नहीं आते, जबकि हेक्सावेयर के पास अपने स्वयं के पेटेंट हैं क्योंकि हमारा कार्य विशिष्ट, वास्तविक और मौलिक है। हमारे ग्राहकों ने इस पूरी प्रक्रिया के दौरान हम पर भरोसा बनाए रखा और हम आगे भी इस भरोसे को कायम रखेंगे।”
कंपनी ने कहा कि मुकदमे में जिन प्लेटफॉर्मों—Amaze®, Tensai® और RapidX®—का उल्लेख किया गया था, वे मूल इंजीनियरिंग और महत्वपूर्ण निवेश का परिणाम हैं तथा वे नैटसॉफ्ट या किसी तीसरे पक्ष की बौद्धिक संपदा का उल्लंघन नहीं करते। हेक्सावेयर ने मुकदमा दायर होने के समय ही इसे निराधार बताया था और कहा था कि उसे न्याय मिलने की उम्मीद है। ताजा फैसला दिसंबर 2025 में कंपनी द्वारा दायर खारिजी याचिका के बाद आया है।
हेक्सावेयर ने यह भी स्पष्ट किया कि इस मुकदमे का उसके परिचालन, ग्राहकों को सेवाएं देने की क्षमता, साझेदारी कार्यक्रमों या वित्तीय स्थिति पर कोई महत्वपूर्ण प्रभाव नहीं पड़ा है और भविष्य में भी ऐसे किसी प्रभाव की संभावना नहीं है।







