नई दिल्ली: भारत सरकार के विद्युत मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव दिवाकर नाथ मिश्रा और एनएचपीसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) भूपेंद्र गुप्ता ने शुक्रवार को एनएचपीसी की तीस्ता-6 जलविद्युत परियोजना का दौरा किया। उनके साथ निदेशक (परियोजनाएं) संजय कुमार सिंह और निदेशक (तकनीकी) सुप्रकाश अधिकारी भी मौजूद रहे।

एनएचपीसी ने एक्स पर बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने परियोजना के विभिन्न घटकों की समीक्षा की। इसके बाद उन्होंने टीआरटी आउटलेट, हेड रेस टनल (एचआरटी) एडिट-III और एडिट-II के कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने सिर्वानी स्थित तीस्ता-6 बैराज स्थल पर चल रहे पाइल कार्य, इंटेक स्लोप स्थिरीकरण तथा हाइड्रो-मैकेनिकल (एचएम) रेडियल गेट स्थापना कार्य का भी जायजा लिया।

परियोजना प्रमुख एवं महाप्रबंधक मनोज कुमार लाकड़ा ने उन्हें परियोजना के विभिन्न घटकों की प्रगति से अवगत कराया। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों ने परियोजना टीम के प्रयासों की सराहना की और उन्हें निर्धारित समयसीमा के भीतर परियोजना के कार्यों को पूरा करने के लिए प्रोत्साहित किया।







