मुंबई: एलएंडटी ने तमिलनाडु के कोयंबटूर स्थित अपने कैंपस में औद्योगिक इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण की शुरुआत के साथ बी2बी औद्योगिक इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र में प्रवेश किया है।
नए व्यवसायिक वर्टिकल, जिसका नाम एलएंडटी इलेक्ट्रॉनिक प्रोडक्ट्स एंड सिस्टम्स (LTEPS) रखा गया है, का मुख्यालय बेंगलुरु में होगा, जबकि विनिर्माण गतिविधियां कोयंबटूर में संचालित की जाएंगी। शुरुआत में दो मैन्युफैक्चरिंग लाइनों को शुरू किया गया है, जो भारतीय और वैश्विक दोनों ग्राहकों को इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग सेवाएं प्रदान करेंगी।
एलएंडटी के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक एस. एन. सुब्रह्मण्यन ने कहा, “औद्योगिक इलेक्ट्रॉनिक्स में हमारा प्रवेश ‘लक्ष्य 2031’ के तहत तकनीकी नेतृत्व को मजबूत करने और महत्वपूर्ण विनिर्माण में भारत की आत्मनिर्भरता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। LTEPS के माध्यम से हम देश के इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम को सशक्त बना रहे हैं और उच्च-विकास तथा नवाचार-आधारित क्षेत्रों में अपनी उपस्थिति का विस्तार कर रहे हैं।”
स्ट्रैटेजिक इलेक्ट्रॉनिक्स में अपनी विशेषज्ञता को आगे बढ़ाते हुए, LTEPS कई प्रमुख क्षेत्रों में औद्योगिक इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों और सिस्टम्स के विकास और निर्माण की क्षमता को विस्तारित करेगा— जिनमें पावर इलेक्ट्रॉनिक्स, मोबिलिटी, इंडस्ट्रियल रोबोटिक्स एवं ऑटोमेशन, कम्युनिकेशन प्लेटफॉर्म्स और इलेक्ट्रॉनिक्स सिस्टम्स डिजाइन एवं मैन्युफैक्चरिंग (ESDM) शामिल हैं।
यह इन-हाउस अनुसंधान एवं विकास (R&D), तकनीकी साझेदारियों और उन्नत परीक्षण अवसंरचना के मिश्रित दृष्टिकोण को अपनाते हुए बाजार के लिए तैयार समाधान प्रदान करेगा। आगे की योजना के तहत, LTEPS अपने विस्तार को क्रमिक रूप से बढ़ाएगा। भविष्य में कोयंबटूर कैंपस के भीतर 40 एकड़ क्षेत्र में विस्तार की योजना है, जिससे औद्योगिक इलेक्ट्रॉनिक्स की पूरी वैल्यू चेन को कवर किया जा सके— जिसमें R&D, इन-हाउस उत्पाद विकास, ESDM, कॉन्ट्रैक्ट मैन्युफैक्चरिंग, डिजाइन एवं इंजीनियरिंग सपोर्ट, सोर्सिंग, परीक्षण और वैलिडेशन सेवाएं शामिल होंगी।







