नई दिल्ली: इंडियन रिन्यूएबल एनर्जी डेवलपमेंट एजेंसी लिमिटेड (IREDA) ने आज 24वीं स्टेकहोल्डर्स’ इंटरैक्शन मीट का आयोजन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया। बैठक की अध्यक्षता इरेडा के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर तथा डायरेक्टर (फाइनेंस) डॉ. विजय कुमार मोहंती ने की। इस बैठक में नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े ऋणकर्ताओं (Borrowers) और अन्य हितधारकों ने देशभर से सक्रिय भागीदारी की।
प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए डॉ. विजय कुमार मोहंती ने इरेडा के सतत और दीर्घकालिक विकास के प्रमुख आधार के रूप में परिसंपत्ति गुणवत्ता (Asset Quality) बनाए रखने और मजबूत सुशासन (Good Governance) अपनाने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने इरेडा के कारोबारी साझेदारों से जिम्मेदार परियोजना क्रियान्वयन, वित्तीय अनुशासन और गुणवत्तापूर्ण सुशासन पर निरंतर ध्यान केंद्रित करने का आह्वान किया।
डॉ. मोहंती ने आगामी भारत RE समिट एंड एक्सपो 2026 का भी उल्लेख किया, जिसका आयोजन 2 से 5 नवंबर 2026 तक नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में किया जाएगा। उन्होंने इसे नवीकरणीय ऊर्जा इकोसिस्टम से जुड़े विभिन्न हितधारकों को एक मंच पर लाने वाला महत्वपूर्ण आयोजन बताया। उन्होंने कहा कि यह समिट ऋणकर्ताओं और अन्य हितधारकों को संवाद, सहयोग और विचारों के आदान-प्रदान का अवसर प्रदान करेगा, जिससे भारत के हरित ऊर्जा संक्रमण और ‘विकसित भारत @2047’ के विजन को आगे बढ़ाने में योगदान मिलेगा।

स्टेकहोल्डर्स’ मीट के दौरान इरेडा के वित्तीय प्रदर्शन, हाल की फंड जुटाने की पहलों तथा पिछली स्टेकहोल्डर्स’ इंटरैक्शन मीट से संबंधित एक्शन टेकन रिपोर्ट (ATR) पर भी प्रस्तुतियां दी गईं। बैठक में बताया गया कि पूर्व की बैठकों के दौरान ऋणकर्ताओं से प्राप्त सुझावों और फीडबैक के आधार पर इरेडा के वित्तपोषण मानदंडों में कई बदलाव पहले ही लागू किए जा चुके हैं।
बैठक में शामिल ऋणकर्ताओं ने इरेडा के सक्रिय और हितधारक-केंद्रित दृष्टिकोण की सराहना की तथा प्रक्रियाओं और पहलों को और मजबूत एवं सुव्यवस्थित करने के लिए अतिरिक्त सुझाव साझा किए। इस संवाद ने हितधारकों के साथ खुले और उत्तरदायी जुड़ाव बनाए रखने के प्रति इरेडा की प्रतिबद्धता को दोहराया। साथ ही, भारत के नवीकरणीय ऊर्जा संक्रमण को गति देने और देश के नवीकरणीय ऊर्जा लक्ष्यों को हासिल करने में इरेडा की महत्वपूर्ण भूमिका भी रेखांकित हुई।
डॉ. मोहंती ने इरेडा की टीम के समर्पित प्रयासों की सराहना की। उन्होंने केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री, नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा राज्य मंत्री, नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय (MNRE) के सचिव तथा निदेशक मंडल के निरंतर मार्गदर्शन और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।







