New Delhi: हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेवि), महेंद्रगढ़ के लिए शोध एवं नवाचार के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। हरियाणा राज्य उच्च शिक्षा परिषद द्वारा संचालित हरियाणा स्टेट रिसर्च फंड (एचएसआरएफ) के अंतर्गत विश्वविद्यालय के छह शोध प्रस्तावों को कुल 1,36,45,600 रुपये’’ से अधिक का अनुसंधान अनुदान स्वीकृत किया गया है। इन परियोजनाओं में कृषि, खाद्य प्रौद्योगिकी, सूक्ष्मजैविकी, उच्च शिक्षा तथा जनसंचार जैसे विविध क्षेत्रों से जुड़े समसामयिक एवं समाजोपयोगी विषय शामिल हैं।
इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. टंकेशवर कुमार ने सभी प्रधान अन्वेषकों एवं शोधार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विश्वविद्यालय में विकसित सशक्त शोध संस्कृति, नवाचार तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े अनुसंधानों के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन परियोजनाओं के परिणाम कृषि, खाद्य सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण, उच्च शिक्षा और सतत विकास जैसे क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान देंगे तथा विकसित भारत के लक्ष्य को गति प्रदान करेंगे।
स्वीकृत परियोजनाओं में प्रो. सुरेन्द्र सिंह, प्रोफेसर, सूक्ष्मजैविकी विभाग को 40 लाख रुपये का अनुदान प्राप्त हुआ है। यह परियोजना जलवायु-अनुकूल जैव प्रौद्योगिकी के माध्यम से सतत कृषि और निमेटोड प्रबंधन पर केंद्रित है।
इसी प्रकार प्रो. गुंजन गोयल, प्रोफेसर, सूक्ष्मजैविकी विभाग को 38.46 लाख रुपये का अनुसंधान अनुदान स्वीकृत हुआ है। यह परियोजना शीघ्र नष्ट होने वाले खाद्य पदार्थों की सुरक्षित पैकेजिंग के लिए नवीन तकनीक विकसित करेगी।
प्रो. अशोक कुमार शर्मा, पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग को 17 लाख रुपये का अनुदान स्वीकृत हुआ है। यह अध्ययन राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रभावों और हरियाणा के उच्च शिक्षा परिदृश्य का समग्र विश्लेषण करेगा।
प्रो. रंजन अनेजा, प्रोफेसर, अर्थशास्त्र विभाग को 26 लाख रूपए का अनुदान स्वीकृत हुआ है। यह हरियाणा में डिजिटल कृषिः अंगीकरण की प्रवृत्तियाँ एवं नीतिगत आवश्यकताएँ पर कार्य करेगा।
इसी क्रम में विश्वविद्यालय के तीन शोधार्थियों दीपांशु पुन्यानी को जैवफिल्म बनाने वाले प्रोटीनों के विरुद्ध नई रणनीतियों के विकास संबंधी परियोजना के लिए 4,99,800 रुपये, नेहा कंवर निरवान को एंडोफाइटिक फफूंद के द्वितीयक मेटाबोलाइट्स के अध्ययन हेतु 5 लाख रुपये तथा सुरभि शर्मा को मिलेट आधारित जैव-अवक्रमणीय सक्रिय खाद्य पैकेजिंग फिल्म विकसित करने संबंधी परियोजना के लिए 4,99,800 रुपये का शोध अनुदान प्रदान हुआ है।







