New Delhi: हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेवि), महेंद्रगढ़ के शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए दाखिला प्रक्रिया के अंतर्गत विश्वविद्यालयीन सामान्य प्रवेश परीक्षा (सीयूईटी) पीजी 2026 के नतीजे घोषित होने के बाद विश्वविद्यालय में स्नातकोत्तर कार्यक्रमों में दाखिले की प्रक्रिया अगले चरण में पहुँच गई है। इसी क्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. टंकेशवर कुमार ने शुक्रवार को स्नातकोत्तर कार्यक्रमों हेतु ऑनलाइन पंजीकरण के लिए पोर्टल की शुरुआत की।
इस अवसर पर प्रो. टंकेशवर कुमार ने प्रवेश परीक्षा में सफल परीक्षार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय देशभर के अभ्यर्थियों का स्वागत करता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में विश्वविद्यालय में देश के 26 राज्यों के विद्यार्थी अध्ययनरत हैं और हम उनके बेहतर भविष्य निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है। कुलपति ने कहा कि हकेवि शोध एवं नवाचार के क्षेत्र में नित नए आयाम स्थापित कर रहा है। टाइम्स हॉयर एजुकेशन वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2026 तथा टाइम्स हॉयर एजुकेशन एशिया यूनिवर्सिटी रैंकिंग में विश्वविद्यालय की उत्कृष्ट रैंकिंग इस बात का प्रत्यक्ष प्रमाण है। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. सुनील कुमार, शैक्षणिक अधिष्ठाता प्रो. पवन कुमार मौर्य, डॉ. अमित कुमार, डॉ. तेजपाल ढेवा, डॉ. सिद्धार्थ शंकर राय, डॉ. सुमित कुमार सहित दाखिला प्रकोष्ठ के सदस्य उपस्थित रहे।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. सुनील कुमार ने बताया कि स्नातकोत्तर कार्यक्रमों की प्रवेश परीक्षा के परिणाम घोषित होने के पश्चात विश्वविद्यालय में दाखिला लेने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया शुरु हो गई है। स्नातकोत्तर कार्यक्रमों में दाखिले के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 12.06.2026 तक है। पंजीकरण की इस प्रक्रिया के बाद मेरिट लिस्ट जारी होगी और पहली काउंसलिंग की श्रेणीवार लिस्ट 16 जून, 2026 को जारी होगी। जिसके आधार पर संबंधित कार्यक्रमों में दाखिले प्रदान किए जायेंगे।
प्रो. सुनील कुमार ने बताया कि हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय सीयूईटी-2026 के अंतर्गत 43 स्नातकोत्तर (पीजी) कार्यक्रमों में कुल 1457 सीटों पर प्रवेश दे रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि विश्वविद्यालय ने वर्तमान शैक्षणिक सत्र से एम.फार्म औषधि निर्माण विज्ञान में एक नया स्नातकोत्तर कार्यक्रम शुरू किया है। हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय में प्रवेश पाने के इच्छुक आवेदक प्रस्तावित कार्यक्रमों, पात्रता मानदंड, पंजीकरण प्रक्रिया, महत्वपूर्ण तिथियों और अन्य संबंधित विवरणों के बारे में विस्तृत जानकारी के लिए विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट देखें।







