बेंगलुरु: Ather Energy ने आज घोषणा की कि उसके फैमिली स्कूटर ‘रिज्टा’ ने लॉन्च के दो वर्षों के भीतर 3 लाख यूनिट बिक्री का आंकड़ा पार कर लिया है। अप्रैल 2024 में एथर के पहले फैमिली स्कूटर के रूप में पेश किए गए रिज्टा ने नए बाजारों और ग्राहक वर्गों में कंपनी की पहुंच बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और यह कंपनी का सबसे बड़ा वॉल्यूम ड्राइवर बनकर उभरा है।
रिज्टा ने दिसंबर 2025 में 2 लाख यूनिट बिक्री का आंकड़ा पार किया था और इसके बाद केवल पांच महीनों में अगले 1 लाख यूनिट की बिक्री दर्ज की गई। यह फैमिली इलेक्ट्रिक स्कूटर्स की बढ़ती मांग और नए बाजारों में एथर के तेज विस्तार को दर्शाता है।
इस उपलब्धि पर एथर एनर्जी के चीफ बिजनेस ऑफिसर रवनीत सिंह फोकेला ने कहा, “लॉन्च के बाद से ही रिज्टा को फैमिली स्कूटर के रूप में पेश किया गया था और इसे देशभर के पारिवारिक ग्राहकों से शानदार प्रतिक्रिया मिली है। रिज्टा ने वित्त वर्ष 2025-26 में दक्षिण भारत में हमें नेतृत्व की स्थिति दिलाने में मदद की। इसके अलावा महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा जैसे राज्यों में ‘मिडिल इंडिया’ में हमारी बाजार हिस्सेदारी लॉन्च के बाद चार गुना बढ़ाने में भी रिज्टा की अहम भूमिका रही है। वित्त वर्ष 2025-26 में रिज्टा हमारी कुल बिक्री का लगभग 76 प्रतिशत हिस्सा रहा और यह हमारी वृद्धि को लगातार आगे बढ़ा रहा है।”
पिछले दो वर्षों में रिज्टा ने दक्षिण भारत से बाहर एथर की मौजूदगी बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा जैसे बाजारों में एथर की बाजार हिस्सेदारी चार गुना बढ़कर वित्त वर्ष 2024-25 की पहली तिमाही के 4.1 प्रतिशत से बढ़कर वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में 17.3 प्रतिशत हो गई। यह आंकड़े वाहन और तेलंगाना व्हीकल ऑनलाइन सेल्स डेटा पर आधारित हैं। वहीं पंजाब, राजस्थान और उत्तर प्रदेश जैसे उत्तरी राज्यों में भी इसी अवधि के दौरान बाजार हिस्सेदारी तीन गुना से अधिक बढ़ी है। वर्तमान में इन दोनों क्षेत्रों में एथर की कुल बिक्री में रिज्टा का सबसे बड़ा योगदान है।
रिज्टा ने एथर के ग्राहक आधार को भी काफी विस्तार दिया है और बड़ी संख्या में पारिवारिक ग्राहकों को ईवी श्रेणी से जोड़ा है। लगभग 70 प्रतिशत रिज्टा ग्राहक बच्चों वाले परिवार हैं, जो दैनिक पारिवारिक उपयोग के लिए इसकी लोकप्रियता को दर्शाता है। आराम और उपयोगिता को ध्यान में रखकर तैयार किए गए इस स्कूटर में बड़ी सीट, विशाल फ्लोरबोर्ड और कुल 56 लीटर स्टोरेज क्षमता दी गई है, जिसमें 34 लीटर अंडर-सीट स्टोरेज और 22 लीटर फ्रंक शामिल है। स्कूटर में स्किडकंट्रोल™, चोरी अलर्ट और टो अलर्ट जैसे उन्नत सुरक्षा एवं कनेक्टेड फीचर्स भी दिए गए हैं, जो रोजमर्रा की सवारी को अधिक सुरक्षित बनाते हैं।
एथर लगातार सॉफ्टवेयर अपडेट्स के जरिए ग्राहकों के स्वामित्व अनुभव को भी बेहतर बना रही है। सितंबर 2025 में कंपनी ने अपने स्वामित्व वाले एथरस्टैक 7 प्लेटफॉर्म के माध्यम से ओवर-द-एयर (OTA) अपडेट के जरिए टचस्क्रीन इंटरफेस पेश किया था। यह बैकवर्ड-कम्पैटिबल अपग्रेड सभी मौजूदा रिज्टा Z ग्राहकों के लिए उपलब्ध कराया गया, जिससे उपयोगकर्ता अनुभव में सुधार हुआ और ग्राहकों के बीच सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिली।







