नई दिल्ली: इंडियन रिन्यूएबल एनर्जी डेवलपमेंट एजेंसी लिमिटेड (IREDA) ने आज 31 दिसंबर 2025 को समाप्त तिमाही (Q3 वित्त वर्ष 2025-26) के लिए अपने ऑडिटेड वित्तीय परिणामों की घोषणा की, जिसमें प्रमुख वित्तीय मानकों में साल-दर-साल मजबूत वृद्धि दर्ज की गई।
उद्योग में अपनी अग्रणी भूमिका को और सुदृढ़ करते हुए, IREDA ने मात्र 9 दिनों के भीतर अपने ऑडिटेड तिमाही परिणाम प्रकाशित किए—जो दक्षता और पारदर्शिता का एक नया मानक स्थापित करता है। इन परिणामों को आज नई दिल्ली स्थित IREDA के पंजीकृत कार्यालय में आयोजित बोर्ड बैठक में अनुमोदन प्राप्त हुआ।
इस तिमाही में ऋण पुस्तिका (लोन बुक) का स्वस्थ विस्तार, परिचालन से राजस्व में वृद्धि और मजबूत लाभप्रदता दर्ज की गई, जो IREDA की रणनीतिक प्रभावशीलता और परिचालन क्षमता को दर्शाती है।
मुख्य वित्तीय उपलब्धियां – Q3 वित्त वर्ष 2025-26 बनाम Q3 वित्त वर्ष 2024-25 (स्टैंडअलोन):
-
कर पश्चात लाभ (PAT): ₹585 करोड़ बनाम ₹425 करोड़ (↑37%)
-
ऋण वितरण: ₹9,860 करोड़ बनाम ₹7,449 करोड़ (↑32%)
-
लोन बुक: ₹87,975 करोड़ बनाम ₹68,960 करोड़ (↑28%)
-
नेट वर्थ: ₹13,537 करोड़ बनाम ₹9,842 करोड़ (↑38%)
-
परिचालन से राजस्व: ₹2,140 करोड़ बनाम ₹1,699 करोड़ (↑26%)
Q3 के प्रदर्शन पर टिप्पणी करते हुए, IREDA के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर प्रदीप कुमार दास ने कहा, “इस तिमाही में IREDA का मजबूत वित्तीय प्रदर्शन भारत के नवीकरणीय ऊर्जा संक्रमण को तेज़ करने की हमारी निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है। ऋण वितरण, नेट वर्थ और लाभप्रदता में हुई वृद्धि हमारे हितधारकों द्वारा IREDA में जताए गए विश्वास को रेखांकित करती है। हम नवोन्मेषी वित्तपोषण और जिम्मेदार विकास के माध्यम से देश के स्वच्छ ऊर्जा लक्ष्यों को समर्थन देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”







