नई दिल्ली: भारत का इस्पात उद्योग विकास के एक महत्वपूर्ण दौर में प्रवेश कर रहा है। बुनियादी ढांचे, निर्माण, परिवहन और विनिर्माण क्षेत्रों में लगातार निवेश के चलते तैयार इस्पात (फिनिश्ड स्टील) की मांग 2035 तक बढ़कर 250–280 मिलियन मीट्रिक टन (MT) प्रति वर्ष और 2040 तक 320–350 मिलियन टन तक पहुंचने का अनुमान है। वर्ष 2025 में यह मांग लगभग 160 मिलियन टन थी।
हालांकि, मांग के इस अवसर को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी इस्पात उत्पादन में बदलने के लिए भारत को 2047 तक लगभग 600 मिलियन टन प्रति वर्ष की दीर्घकालिक इस्पात उत्पादन क्षमता के लक्ष्य को हासिल करने के लिए अनुमानित 350–400 अरब डॉलर के निवेश की आवश्यकता होगी। यह जानकारी McKinsey & Company की रिपोर्ट ‘Steel: Forging the Foundation for the Future of India’ में दी गई है, जिसे ISA Steel Conclave 2026 के लिए तैयार किया गया है।
यह रिपोर्ट 17 नवंबर, 2026 को नई दिल्ली में आयोजित इंडियन स्टील एसोसिएशन (ISA) के 7वें संस्करण के स्टील कॉन्क्लेव 2026 में जारी की गई। इसे भारत सरकार के केंद्रीय इस्पात एवं भारी उद्योग राज्य मंत्री श्री भूपतिराजू श्रीनिवास वर्मा ने इस्पात उद्योग के प्रमुख प्रतिनिधियों की मौजूदगी में जारी किया।
रिपोर्ट में भारत के इस्पात उद्योग की मांग की संभावनाओं, उत्पादन क्षमता की तैयारी, कच्चे माल की आपूर्ति व्यवस्था और आने वाले दशकों में इसकी प्रतिस्पर्धात्मकता निर्धारित करने वाले रणनीतिक विकल्पों का विश्लेषण किया गया है।
रिपोर्ट के निष्कर्षों पर टिप्पणी करते हुए McKinsey & Company के सीनियर पार्टनर रजत गुप्ता ने कहा, “भारत की इस्पात संबंधी महत्वाकांक्षाओं को साकार करने के लिए विनिर्माण क्षमता में बड़े पैमाने पर निवेश से कहीं अधिक की आवश्यकता होगी। प्रतिस्पर्धी घरेलू लौह अयस्क सुनिश्चित करना, कोकिंग कोल की उपलब्धता सुरक्षित करना, घरेलू उपकरण निर्माण क्षमताओं को मजबूत करना और बदलते वैश्विक नियामक परिदृश्य के प्रति लचीलापन विकसित करना भी उतना ही महत्वपूर्ण होगा।
उन्होंने कहा, “उद्योग और नीति निर्माताओं के पास मिलकर एक एकीकृत और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी इस्पात इकोसिस्टम तैयार करने का अवसर है, जो विकास को गति देने के साथ-साथ धीरे-धीरे कम उत्सर्जन वाले उत्पादन की दिशा में आगे बढ़ सके।”
McKinsey & Company के पार्टनर प्रभाव शर्मा ने कहा, “2040 तक मांग बढ़कर 320–350 मिलियन टन पहुंचने का अनुमान है। ऐसे में केवल उत्पादन क्षमता बढ़ाना ही पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि भविष्य की मांग, प्रतिस्पर्धी उत्पादन अर्थव्यवस्था और विकसित होती प्रौद्योगिकी के अनुरूप सही क्षमता का निर्माण करना आवश्यक है। आज निवेश कहां करना है, क्या उत्पादन करना है और किस तरह विनिर्माण करना है, इस संबंध में लिए गए फैसलों का भारत के औद्योगिक एवं बुनियादी ढांचे के विकास के अगले चरण और वैश्विक इस्पात उद्योग में अपनी स्थिति मजबूत करने की क्षमता पर दीर्घकालिक प्रभाव पड़ेगा।”
रिपोर्ट के प्रमुख निष्कर्ष:
1. वर्ष 2040 तक भारत में इस्पात की मांग दोगुने से अधिक हो सकती है: वर्ष 2025 में घरेलू तैयार इस्पात की मांग लगभग 160 मिलियन टन थी। इसके 2035 तक बढ़कर 250–280 मिलियन टन प्रति वर्ष और 2040 तक 320–350 मिलियन टन प्रति वर्ष होने का अनुमान है। यह लगभग 5–6 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि को दर्शाता है। वर्तमान में बुनियादी ढांचा और निर्माण क्षेत्र घरेलू इस्पात खपत का लगभग 65–68 प्रतिशत हिस्सा रखते हैं। वहीं, डेटा सेंटर, रक्षा, ऑटोमोबाइल और उन्नत विनिर्माण क्षेत्रों से बढ़ती मांग उद्योग के उत्पाद मिश्रण को और बदल सकती है।
2. वर्ष 2047 तक भारत के इस्पात संबंधी लक्ष्य को हासिल करने के लिए 350–400 अरब डॉलर के निवेश की आवश्यकता होगी: वर्ष 2026 में कच्चे इस्पात की उत्पादन क्षमता लगभग 233 मिलियन टन प्रति वर्ष है। भारत ने 2047 तक इसे बढ़ाकर लगभग 600 मिलियन टन प्रति वर्ष करने का लक्ष्य रखा है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए उद्योग को 290–310 मिलियन टन अतिरिक्त उत्पादन क्षमता विकसित करनी होगी। अगले पांच से 10 वर्षों में घोषित परियोजनाओं से 60–70 मिलियन टन क्षमता जुड़ने की उम्मीद है। वहीं, दीर्घकालिक उत्पादन क्षमता के विस्तार के लिए 350–400 अरब डॉलर के निवेश की आवश्यकता का अनुमान है। ऐसे में पूंजी आवंटन, परियोजनाओं का क्रियान्वयन और प्रौद्योगिकी संबंधी विकल्प उद्योग की दीर्घकालिक प्रतिस्पर्धात्मकता के लिए महत्वपूर्ण होंगे।
3. विशेष इस्पात से घरेलू विनिर्माण क्षमताओं को मजबूत करने का बड़ा अवसर: भारत के बढ़ते विनिर्माण और रणनीतिक क्षेत्र, विशेष रूप से रक्षा, ऑटोमोबाइल और विद्युत उपकरण उद्योग, उच्च गुणवत्ता वाले और मूल्यवर्धित इस्पात की मांग को बढ़ावा दे रहे हैं। हालांकि, घरेलू आपूर्ति में अभी भी कमी बनी हुई है। उदाहरण के लिए, वित्त वर्ष 2025 में भारत के तैयार इस्पात आयात में इलेक्ट्रिकल स्टील की हिस्सेदारी लगभग 23 प्रतिशत थी, जबकि दक्षिण कोरिया, चीन और जापान का संयुक्त हिस्सा तैयार इस्पात आयात में 70 प्रतिशत से अधिक था। विशेष श्रेणी के इस्पात के घरेलू उत्पादन की क्षमता मजबूत करने से आयात पर निर्भरता कम करने और उच्च मूल्य वाले अवसरों का लाभ उठाने में मदद मिल सकती है।
4. कच्चे माल की उपलब्धता और सुरक्षा विकास में बड़ी बाधा बन सकती है: वित्त वर्ष 2025 में भारत ने इस्पात निर्माण के लिए अपनी कोकिंग कोल की लगभग 95 प्रतिशत जरूरत आयात के माध्यम से पूरी की। वहीं, वर्ष 2030 तक घरेलू स्क्रैप की आवश्यकता बढ़कर 50–60 मिलियन टन तक पहुंचने का अनुमान है। इस दौरान वैश्विक स्तर पर स्क्रैप की उपलब्धता भी सीमित हो रही है। आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करने और उत्पादन लागत को नियंत्रित करने के लिए घरेलू कच्चे माल की गुणवत्ता में सुधार, बेनिफिशिएशन, स्क्रैप संग्रह एवं पुनर्चक्रण को बढ़ावा देने और आपूर्ति के स्रोतों में विविधता लाने की आवश्यकता होगी।
5. वैश्विक व्यापार में बदलाव और कार्बन संबंधी नियम भारत की इस्पात निर्यात प्रतिस्पर्धात्मकता को प्रभावित कर सकते हैं: बदलते व्यापार उपाय, आयात कोटा, शुल्क और कार्बन संबंधी नियम वैश्विक इस्पात बाजार को नया आकार दे रहे हैं। वर्ष 2025 में भारत के इस्पात निर्यात में यूरोपीय संघ के देशों की हिस्सेदारी लगभग 45 प्रतिशत थी। ऐसे में कार्बन बॉर्डर एडजस्टमेंट मैकेनिज्म (CBAM) के लागू होने से भारतीय इस्पात निर्यात की प्रतिस्पर्धात्मकता प्रभावित हो सकती है। भारत यूरोपीय संघ जैसे अधिक व्यापक नियामक आवश्यकताओं वाले बाजारों से होने वाली निर्यात आय का उपयोग स्वच्छ ब्लास्ट फर्नेस, स्क्रैप आधारित उत्पादन क्षमता और भविष्य में हाइड्रोजन आधारित उत्पादन के जरिए अपनी उत्पादन क्षमता एवं तकनीकी दक्षता बढ़ाने के लिए कर सकता है।
6. क्षेत्रीय औद्योगिकीकरण को बढ़ावा: ओडिशा, छत्तीसगढ़ और झारखंड जैसे खनिज संपदा से समृद्ध राज्यों में औद्योगिकीकरण में इस्पात क्षेत्र का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। ओडिशा में इस्पात क्षेत्र प्राथमिक इस्पात उत्पादन से आगे बढ़ चुका है। राज्य में प्राथमिक धातुओं के मूल्यवर्धित प्रसंस्करण से जुड़ी फैक्ट्रियों की संख्या वित्त वर्ष 2019 के 140 से बढ़कर वित्त वर्ष 2024 में 181 हो गई। इस अवधि में इन फैक्ट्रियों का उत्पादन 91 प्रतिशत बढ़ा। राज्य समर्पित मेटल डाउनस्ट्रीम पार्क भी विकसित कर रहा है और उसने वर्ष 2047 तक इन पार्कों में 2 लाख करोड़ रुपये का निवेश आकर्षित करने की योजना बनाई है। महाराष्ट्र, कर्नाटक और छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों में भी इस्पात उत्पादन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होने की संभावना है। ऐसे में इस मॉडल के कुछ पहलू इन राज्यों के लिए भी उपयोगी हो सकते हैं।
7. प्रौद्योगिकी, AI और कम उत्सर्जन वाला उत्पादन उद्योग के अगले चरण के लिए महत्वपूर्ण होंगे: रिपोर्ट में ऐसी लचीली उत्पादन प्रौद्योगिकियों को अपनाने के अवसरों पर प्रकाश डाला गया है, जो भविष्य में कार्बन उत्सर्जन कम करने के विभिन्न तरीकों के अनुरूप हों। इसके साथ ही, परिचालन दक्षता बढ़ाने, लागत प्रबंधन और उत्सर्जन कम करने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डिजिटलीकरण के उपयोग पर जोर दिया गया है। AI आधारित परिचालन बदलाव से प्रति टन लगभग 50 डॉलर की लागत में कमी आने की संभावना है। उद्योग के विस्तार में सहयोग के लिए इस्पात निर्माण उपकरणों, इंजीनियरिंग और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में घरेलू क्षमताओं का विकास भी महत्वपूर्ण होगा।







