नई दिल्ली: भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) ने इंडोविडा इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के ईपीएल लिमिटेड में और उसके साथ विलय को मंजूरी दे दी है।
प्रस्तावित संयोजन के तहत इंडोविडा इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (इंडोविडा इंडिया) का ईपीएल लिमिटेड (ईपीएल) में अवशोषण के माध्यम से विलय किया जाएगा। विलय के बदले में ईपीएल (विलय के बाद की परिणामी इकाई) इंडोविडा इंडिया के शेयरधारकों को अनुपातिक आधार पर शेयर जारी और आवंटित करेगी।
इंडोविडा इंडिया एक नई स्थापित भारतीय इकाई है और इंडोरामा नीदरलैंड्स बीवी (आईएनबीवी) की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी है। इंडोविडा इंडिया और आईएनबीवी, इंडोरामा वेंचर्स पब्लिक कंपनी लिमिटेड (आईवीएल) और उसकी सहयोगी कंपनियों के समूह का हिस्सा हैं।
आईवीएल समूह फाइबर्स, पैकेजिंग, रीसाइक्लिंग और स्पेशलिटी केमिकल्स के कारोबार में वैश्विक उपस्थिति रखने वाला समूह है।
ईपीएल लिमिटेड भारत स्थित एक सूचीबद्ध सार्वजनिक कंपनी है। कंपनी पैकेजिंग उत्पादों के निर्माण और बिक्री के कारोबार में संलग्न है।
आयोग का विस्तृत आदेश बाद में जारी किया जाएगा।







