बेंगलुरु: TVS VENU समूह की कंपनी TVS Motor Company को जर्मनी की प्रमुख बिजनेस साप्ताहिक पत्रिका WirtschaftsWoche द्वारा प्रकाशित वार्षिक ‘Best Stocks in the World’ रैंकिंग में ‘ड्यूरेबल कंज्यूमर गुड्स’ श्रेणी में वैश्विक स्तर पर नंबर-1 स्थान मिला है। यह रैंकिंग Boston Consulting Group (BCG) के Value Creators विश्लेषण पर आधारित है।
वर्ष 1926 में स्थापित और इस वर्ष अपनी शताब्दी मना रही WirtschaftsWoche जर्मनी की सबसे बड़ी साप्ताहिक बिजनेस पत्रिका है, जिसे जर्मनी, ऑस्ट्रिया और स्विट्जरलैंड में वरिष्ठ अधिकारी, संस्थागत निवेशक और कॉर्पोरेट निर्णयकर्ता व्यापक रूप से पढ़ते हैं। इसकी वार्षिक ‘Best Stocks in the World’ रैंकिंग जर्मन भाषी क्षेत्रों में सूचीबद्ध कंपनियों की सबसे चर्चित रैंकिंग में से एक मानी जाती है।
स्वतंत्र अध्ययन में दुनिया भर के 35 उद्योगों की 2,000 से अधिक सूचीबद्ध कंपनियों का मूल्यांकन किया गया। वर्ष 2021 से 2025 की पांच वर्षीय अवधि में TVS Motor Company ने औसतन लगभग 51 प्रतिशत वार्षिक Total Shareholder Return दर्ज किया, जो उसकी वैश्विक श्रेणी में सबसे अधिक रहा। कंपनी ने इस मामले में जापान, चीन, अमेरिका और भारत की स्थापित कंपनियों को पीछे छोड़ा।
विश्लेषण के अनुसार, TVS Motor का प्रदर्शन मुख्य रूप से मजबूत राजस्व वृद्धि (22 प्रतिशत अंक) और प्रीमियम मार्केट वैल्यूएशन (18 प्रतिशत अंक) से प्रेरित रहा। इसके साथ ही लाभप्रदता में सुधार और बैलेंस शीट की निरंतर मजबूती ने भी योगदान दिया।
अध्ययन में कहा गया कि कंपनी की यह प्रोफाइल उन मानकों के अनुरूप है जिन्हें मजबूत और स्थिर कंपनियों की पहचान माना जाता है, जिनमें लाभप्रदता, विकासोन्मुख रणनीति, वित्तीय अनुशासन और बाजार की अस्थिर परिस्थितियों का सामना करने की क्षमता शामिल है।
TVS Motor Company के चीफ मेंटर प्रोफेसर सर राल्फ स्पेथ ने कहा कि WirtschaftsWoche और BCG द्वारा मिला यह सम्मान चेयरमैन सुदर्शन वेणु की स्पष्ट रणनीतिक दृष्टि के निरंतर क्रियान्वयन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि कंपनी की गुणवत्ता, पर्यावरण के प्रति प्रतिबद्धता और विनिर्माण उत्कृष्टता ने TVS को वैश्विक पहचान दिलाई है। उन्होंने यह भी कहा कि कंपनी ऊर्जा-कुशल समाधानों को आगे बढ़ाते हुए इलेक्ट्रिक मोबिलिटी में अपनी नेतृत्वकारी भूमिका को मजबूत कर रही है।
उन्होंने कहा कि TVS Motor Company के स्वामित्व में Norton ब्रांड की वैश्विक वापसी अब स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है और यह ब्रांड तकनीक, डिजाइन और प्रदर्शन का मजबूत संयोजन पेश कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि TVS Motor Company भविष्य के लिए मजबूत स्थिति में है और सतत विकास, वैश्विक प्रतिस्पर्धा तथा दीर्घकालिक शेयरधारक मूल्य सृजन की दिशा में आगे बढ़ती रहेगी।
वित्त वर्ष 2025-26 में TVS Motor Company ने अपनी इस प्रगति को आगे बढ़ाते हुए 58.9 लाख यूनिट की अब तक की सर्वाधिक वार्षिक बिक्री दर्ज की, जो सालाना आधार पर 24 प्रतिशत अधिक रही। कंपनी का अंतरराष्ट्रीय कारोबार 90 से अधिक बाजारों में 33 प्रतिशत बढ़ा। कंपनी का राजस्व 30 प्रतिशत बढ़कर 47,270 करोड़ रुपये पहुंच गया, जबकि ऑपरेटिंग PBT 40 प्रतिशत बढ़कर 4,975 करोड़ रुपये रहा। वहीं ऑपरेटिंग EBITDA मार्जिन 60 बेसिस प्वाइंट बढ़कर 12.9 प्रतिशत हो गया।







