गौतमबुद्ध नगर: जनपद की प्रारंभिक एवं आधारभूत शिक्षा को नवोन्मेषी दिशा प्रदान करने की दृष्टि से शुक्रवार को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट), दनकौर में एक महत्वपूर्ण एवं प्रेरणास्पद आयोजन संपन्न हुआ। संस्थान परिसर में नवनिर्मित ईसीसीई (अर्ली चाइल्डहुड केयर एण्ड एजुकेशन) रिसोर्स सेंटर का विधिवत लोकार्पण तथा त्रैमासिक ‘बालवाटिका पत्रिका’ का विमोचन गरिमामयी वातावरण में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्रीमती अर्चना पाण्डे उप शिक्षा निदेशक/प्राचार्य, डाइट दनकौर द्वारा दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया।
लोकार्पण उपरांत रिसोर्स सेंटर का अवलोकन करते हुए प्राचार्य अर्चना पांडे ने कहा कि यह केंद्र जनपद के आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं प्राथमिक शिक्षकों के लिए एक आदर्श अधिगम मॉडल सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति एवं फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमेरेसी (एफएसएल) के उद्देश्यों की प्राप्ति में यह केंद्र मील का पत्थर साबित होगा।
उन्होंने कहा कि यहां शिक्षकों को खेल-आधारित शिक्षण, अनुभवात्मक अधिगम तथा बाल मनोविज्ञान पर आधारित आधुनिक शिक्षण-पद्धतियों का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिससे नौनिहालों की प्रारंभिक शिक्षा अधिक प्रभावी, सहज एवं रुचिकर बन सकेगी।
समारोह के द्वितीय चरण में त्रैमासिक ‘बालवाटिका पत्रिका’ का विमोचन किया गया। पत्रिका में बाल्यावस्था शिक्षा से संबंधित नवाचारी गतिविधियों, बाल-रचनाओं, शिक्षण अनुभवों एवं सृजनात्मक अभिव्यक्तियों को स्थान दिया गया है।
अतिथियों ने पत्रिका की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की शिक्षण-सामग्री बच्चों के बौद्धिक, भाषिक एवं सृजनात्मक विकास को नवीन आयाम प्रदान करती है तथा शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया को अधिक सरस एवं प्रभावोत्पादक बनाती है।
कार्यक्रम में बालवाटिका के नन्हें विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक एवं रंगारंग कार्यक्रमों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। बच्चों की सहज अभिव्यक्ति, आत्मविश्वास एवं रचनात्मक प्रतिभा ने सभी को भावविभोर कर दिया।
अतिथियों ने बच्चों से आत्मीय संवाद स्थापित कर उन्हें शिक्षण-सामग्री एवं प्रोत्साहन स्वरूप उपहार वितरित किए। रिसोर्स सेंटर में प्रदर्शित ‘कबाड़ से जुगाड़’ आधारित टीएलएम (टीचिंग मलर्निंग मैटेरियल) एवं अभिनव शिक्षण विधियों की विशेषज्ञों द्वारा विशेष सराहना की गई।
इस अवसर पर ईसीसीई नोडल प्रवक्ता दीक्षा, डीसी निपुण अमित कुमार, नोडल एसआरजी अशोक कुमार, राजेश खन्ना, श्री धनराज, डाइट के प्रवक्तागण, अर्चना पाण्डे सीडीपीओ, सुपरवाइजर, एआरपी, संकुल शिक्षक, ईसीसीई एजुकेटर, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियाँ एवं अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।







