नई दिल्ली: एनटीपीसी लिमिटेड और फ्रांस की बिजली कंपनी EDF (Électricité de France) की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी EDF Power Solutions India Private Limited ने पंप्ड स्टोरेज परियोजनाओं, जलविद्युत परियोजनाओं के साथ-साथ अन्य नवीकरणीय ऊर्जा (RE) परियोजनाओं और वितरण कारोबार के विकास, स्वामित्व और संचालन के उद्देश्य से 50:50 संयुक्त उद्यम समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। यह संयुक्त उद्यम भारत और पड़ोसी देशों में परियोजनाएं संचालित करेगा।
संयुक्त उद्यम समझौते पर शुक्रवार को एनटीपीसी लिमिटेड के सीएमडी गुरदीप सिंह और फ्रांस की EDF SA के चेयरमैन एवं सीईओ बर्नार्ड फोंटाना की मौजूदगी में हस्ताक्षर किए गए।
इस रणनीतिक साझेदारी के माध्यम से एनटीपीसी और EDF Power Solutions कम-कार्बन बिजली संयंत्रों के साथ-साथ फ्लेक्सिबिलिटी सॉल्यूशंस और ट्रांसमिशन परिसंपत्तियों के विकास, निर्माण और संचालन के लिए एक जिम्मेदार और नवोन्मेषी औद्योगिक कंपनी स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
EDF Power Solutions और एनटीपीसी अपनी-अपनी विशेषज्ञता का लाभ उठाकर अनुकूलित समाधान उपलब्ध कराएंगे, बिजली प्रणालियों के डीकार्बोनाइजेशन और वैश्विक प्रदर्शन को बढ़ावा देंगे। यह भारत के 2036 तक 100GW स्थापित पंप्ड स्टोरेज परियोजना क्षमता के महत्वाकांक्षी लक्ष्य के अनुरूप है। अपनी विशेषज्ञता और संसाधनों को देखते हुए, दोनों संस्थाएं भारत के नवीकरणीय ऊर्जा बाजार में महत्वपूर्ण योगदान देने, नवाचार को बढ़ावा देने और पर्यावरण संरक्षण को प्रोत्साहित करने की दिशा में सक्षम हैं।







