चंडीगढ़: टाटा पावर रिन्यूएबल एनर्जी लिमिटेड (टीपीआरईएल) की इकाई टाटा पावर सोलारूफ ने पंजाब में अपने प्रमुख ‘घर घर सोलर’ अभियान की शुरुआत की। इसके साथ ही कंपनी ने टाटा पावर बैटरी स्टोरेज समाधान भी पेश किए, जिससे राज्य में स्वच्छ, भरोसेमंद और किफायती ऊर्जा तक पहुंच को मजबूत किया जाएगा।
इस पहल के तहत रूफटॉप सोलर सिस्टम, बैटरी स्टोरेज समाधान, सामुदायिक जागरूकता कार्यक्रम और लचीले वित्तपोषण विकल्पों के माध्यम से स्वच्छ ऊर्जा को अधिक सुलभ बनाने का लक्ष्य रखा गया है। टाटा पावर रिन्यूएबल्स आवासीय और व्यावसायिक ग्राहकों के लिए एकीकृत एंड-टू-एंड समाधान उपलब्ध करा रही है, जिससे वे अपनी जरूरतों के अनुरूप ऊर्जा प्रणाली तैयार कर सकें। “द पावर इज विद यू – जेनरेट, स्टोर एंड यूज” संदेश के साथ ग्राहक ऊर्जा का उत्पादन, भंडारण और उपयोग अपनी सुविधा के अनुसार कर सकेंगे। इन समाधानों का उद्देश्य ऊर्जा की विश्वसनीयता बढ़ाना, निर्बाध बैकअप उपलब्ध कराना और ऊर्जा आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करना है।
लॉन्च कार्यक्रम में टाटा पावर के सीईओ एवं एमडी डॉ. प्रवीर सिन्हा ने कहा कि बढ़ती उपभोक्ता जागरूकता, बिजली की मांग और सतत जीवनशैली की ओर बढ़ते रुझान के कारण पंजाब वितरित नवीकरणीय ऊर्जा अपनाने का एक महत्वपूर्ण बाजार बन रहा है। उन्होंने कहा कि ‘घर घर सोलर’अभियान के जरिए कंपनी रूफटॉप सोलर, बैटरी स्टोरेज और सुलभ वित्तपोषण को एक साथ जोड़कर उपभोक्ताओं को स्वच्छ ऊर्जा का उत्पादन, भंडारण और उपयोग करने में सक्षम बना रही है। उन्होंने बताया कि अगले तीन वर्षों में पंजाब के एक लाख घरों तक पहुंचने की योजना कंपनी की राज्य की नवीकरणीय ऊर्जा महत्वाकांक्षाओं को समर्थन देने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
कार्यक्रम के दौरान कंपनी ने टाटा पावर बैटरी स्टोरेज ब्रांड के तहत अपने बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (बीईएसएस) पोर्टफोलियो का भी अनावरण किया। इसमें 5 किलोवाट-घंटे (kWh) से 50 मेगावाट-घंटे (MWh) तक की उन्नत बैटरी स्टोरेज प्रणालियां शामिल हैं, जिन्हें आवासीय और व्यावसायिक उपभोक्ताओं के लिए तैयार किया गया है ताकि वे स्वच्छ ऊर्जा का भंडारण और उपयोग कर सकें तथा रूफटॉप सोलर उपभोक्ताओं को भरोसेमंद बिजली उपलब्ध हो सके।
आवासीय उपभोक्ताओं के लिए 5 kWh से 40 kWh क्षमता वाले बैटरी स्टोरेज सिस्टम उपलब्ध कराए गए हैं, जिनका उद्देश्य ऊर्जा की विश्वसनीयता, बैकअप और ऊर्जा आत्मनिर्भरता बढ़ाना है।
वाणिज्यिक एवं औद्योगिक (सीएंडआई) उपभोक्ताओं के लिए कंपनी ने पावरहब नामक उत्पाद पेश किया है। इसके अंतर्गत पावरहब कोर (60 kWh से 600 kWh), पावरहब प्रो एसी प्लग एंड प्ले (261 kWh), पावरहब प्रो डीसी कॉन्फिगरेबल (261 kWh से 2.5 MWh) और पावरहब मैक्स (3 MWh से 5 MWh) जैसे समाधान शामिल हैं। यह श्रृंखला व्यवसायों और उद्योगों को बड़े पैमाने पर ऊर्जा भंडारण, बेहतर ऊर्जा प्रबंधन, परिचालन दक्षता और स्वच्छ ऊर्जा के विश्वसनीय उपयोग में सहायता प्रदान करेगी।
लॉन्च कार्यक्रम में उपभोक्ताओं, चैनल पार्टनर्स, रिटेलर्स, उद्योग प्रतिनिधियों, नीति-निर्माताओं, मीडिया और स्थानीय हितधारकों ने भाग लिया। कंपनी के अनुसार यह आयोजन समुदायों और घरों में स्वच्छ ऊर्जा अपनाने की दिशा में उसकी प्रतिबद्धता को मजबूत करता है।
कंपनी ने बताया कि पंजाब में अब तक 5,661 रूफटॉप सोलर इंस्टॉलेशन के माध्यम से 169 मेगावाट पीक (MWp) क्षमता स्थापित की जा चुकी है। इससे हर वर्ष दो लाख टन से अधिक कार्बन डाइऑक्साइड (CO₂) उत्सर्जन से बचाव हो रहा है, जो प्रति वर्ष 84 लाख से अधिक पेड़ लगाने के बराबर पर्यावरणीय लाभ प्रदान करता है। चंडीगढ़ में कंपनी अब तक 250 से अधिक इंस्टॉलेशन कर चुकी है। इसके अलावा पंजाब में 59 और चंडीगढ़ में 11 टाटा पावर ईवी चार्जिंग पॉइंट स्थापित किए गए हैं, जिनमें सार्वजनिक और अर्द्ध-सार्वजनिक चार्जर शामिल हैं।
टाटा पावर सोलारूफ ने बताया कि आसान वित्तपोषण, नवोन्मेषी ऊर्जा समाधान और देशव्यापी उपस्थिति के माध्यम से वह स्वच्छ ऊर्जा को व्यापक बना रही है। कंपनी ने देशभर में 4,52,664 से अधिक इंस्टॉलेशन पूरे किए हैं, जिनकी कुल क्षमता 5.1 गीगावाट पीक (GWp) से अधिक है।
कंपनी ने बताया कि #घरघरसोलर अभियान के तहत रूफटॉप सोलर इंस्टॉलेशन की जानकारी के लिए इच्छुक उपभोक्ता टाटा पावर सोलारूफ हेल्पलाइन 18002577777 पर संपर्क कर सकते हैं।
कंपनी के अनुसार यह अभियान पंजाब के आवासीय उपभोक्ताओं, व्यवसायों और कृषि समुदाय की बदलती ऊर्जा जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसका उद्देश्य ऊर्जा उत्पादन, भंडारण और उपयोग को एकीकृत करते हुए स्वच्छ ऊर्जा का व्यापक पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करना है। तकनीक, वित्तीय सहयोग और स्थानीय समुदाय की भागीदारी के माध्यम से कंपनी शहरी, अर्द्ध-शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ, टिकाऊ और आत्मनिर्भर ऊर्जा समाधानों को बढ़ावा देना चाहती है।
कंपनी ने कहा कि बढ़ती बिजली खपत, सतत विकास के प्रति जागरूकता और दीर्घकालिक ऊर्जा लागत में बचत की आवश्यकता के कारण पंजाब में रूफटॉप सोलर को लेकर रुचि लगातार बढ़ रही है। राज्य की मजबूत कृषि अर्थव्यवस्था, बढ़ती आवासीय मांग और ऊर्जा आत्मनिर्भरता पर बढ़ता जोर इसे वितरित नवीकरणीय ऊर्जा समाधानों के लिए महत्वपूर्ण बाजार बनाता है।
इसी को ध्यान में रखते हुए और पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत बढ़ती रूफटॉप सोलर मांग के बीच टाटा पावर सोलारूफ अगले तीन वर्षों में पंजाब में एक लाख से अधिक ग्राहकों के यहां सोलर इंस्टॉलेशन कराने की योजना बना रही है। इससे 500 मेगावाट पीक से अधिक संचयी रूफटॉप सोलर क्षमता जुड़ने का अनुमान है।
यह पहल भारत सरकार के रूफटॉप सोलर कार्यक्रम के अनुरूप है, जिसके तहत 1 किलोवाट प्रणाली पर 30,000 रुपये, 2 किलोवाट प्रणाली पर 60,000 रुपये और 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता वाली प्रणाली पर 78,000 रुपये तक की सब्सिडी उपलब्ध है, जिससे स्वच्छ ऊर्जा अपनाना अधिक किफायती बनता है।
‘घर घर सोलर’ अभियान के तहत कंपनी ने ‘मेरा गांव, मेरा सोलर’ नामक सामुदायिक पहल भी शुरू की है, जिसका उद्देश्य पंजाब के गांवों और अर्द्ध-शहरी क्षेत्रों में रूफटॉप सोलर को सामूहिक रूप से अपनाने के लिए लोगों को प्रोत्साहित करना है। इस कार्यक्रम के माध्यम से सौर ऊर्जा के आर्थिक और पर्यावरणीय लाभों के बारे में जागरूकता बढ़ाई जाएगी और समुदायों को बड़े पैमाने पर स्वच्छ ऊर्जा अपनाने में सहयोग दिया जाएगा।
साथ ही पंजाब के ग्राहकों के लिए एक प्रमुख वित्तीय संस्थान के सहयोग से ‘स्पेशल जीरो डाउन-पेमेंट फाइनेंसिंग स्कीम’ भी शुरू की गई है। इस योजना का उद्देश्य सोलर इंस्टॉलेशन की शुरुआती लागत कम करना है। इसके तहत लचीले भुगतान विकल्प उपलब्ध होंगे, जिससे परिवार कम लागत में स्वच्छ ऊर्जा अपना सकेंगे।
कंपनी के अनुसार छोटे रूफटॉप सोलर सिस्टम अपनाने वाले आवासीय उपभोक्ताओं को इस वित्तीय योजना के तहत बिना किसी अग्रिम निवेश, मासिक बिजली बिल के बराबर आसान ईएमआई तथा इंस्टॉलेशन की सुरक्षा के लिए सोलर बीमा का लाभ मिलेगा।







