नई दिल्ली: विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर सोमवार को आधिकारिक दौरे पर मंगोलिया पहुंच गए। वह 22 से 25 जून 2026 तक मंगोलिया और कोरिया गणराज्य (दक्षिण कोरिया) की यात्रा पर रहेंगे।
डॉ. एस. जयशंकर ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा, “आज मंगोलिया पहुंचकर प्रसन्नता हुई। गर्मजोशी से स्वागत के लिए राज्य सचिव मुंकतुषिग इल्खानाजाव का धन्यवाद। हमारी विशेष साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए सार्थक बैठकों की प्रतीक्षा है।”
विदेश मंत्रालय ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर 22 से 25 जून 2026 तक मंगोलिया और कोरिया गणराज्य की आधिकारिक यात्रा करेंगे।
मंत्रालय के अनुसार, विदेश मंत्री 22 और 23 जून 2026 को मंगोलिया में रहेंगे। इस दौरान वह मंगोलिया के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात करेंगे और अपनी समकक्ष विदेश मंत्री बी. बत्सेत्सेग के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे।
इसके बाद डॉ. जयशंकर 24 और 25 जून 2026 को कोरिया गणराज्य का दौरा करेंगे। यात्रा के दौरान वह दक्षिण कोरिया के विदेश मंत्री चो ह्यून के साथ चर्चा करेंगे। इसके अलावा, वह 25 जून 2026 को जेजू में आयोजित ‘जेजू फोरम फॉर पीस एंड प्रॉस्पेरिटी’ में मुख्य वक्तव्य भी देंगे।







