नई दिल्ली: Musashi India प्राइवेट लिमिटेड ने Kinetic Green Energy & Power Solutions Limited, पुणे के साथ आगामी दोपहिया इलेक्ट्रिक प्लेटफॉर्म्स के लिए इंटीग्रेटेड इलेक्ट्रिक पावरट्रेन सिस्टम्स की आपूर्ति हेतु लेटर ऑफ इंटेंट (एलओआई) पर हस्ताक्षर किए हैं। यह समझौता भारत में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी समाधानों को आगे बढ़ाने के लिए दोनों कंपनियों की प्रतिबद्धता को मजबूत करता है।
इस साझेदारी के तहत, मुसाशी इंडिया काइनेटिक ग्रीन के नेक्स्ट-जनरेशन इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर्स के लिए साइड-माउंटेड ई-एक्सल की आपूर्ति करेगी, जो मोटर, गियरबॉक्स और कंट्रोलर (VCU एवं MCU) से युक्त एकीकृत पावरट्रेन समाधान प्रदान करेगा। पायलट बैच की आपूर्ति दिसंबर 2026 से शुरू होगी, जिसके बाद बेंगलुरु स्थित Musashi Delta e-Axle India की मौजूदा विनिर्माण इकाई में उत्पादन शुरू किया जाएगा।
यह पावरट्रेन समाधान 4.7kW आईपीएम मोटर और गियरबॉक्स से लैस साइड-माउंटेड ई-एक्सल कॉन्फिगरेशन पर आधारित होगा, जिसे दोपहिया सेगमेंट में बेहतर प्रदर्शन, दक्षता और विश्वसनीयता प्रदान करने के लिए डिजाइन किया गया है। मुसाशी ने गियरबॉक्स, मोटर और कंट्रोलर को एक कॉम्पैक्ट यूनिट में एकीकृत कर यह 2W साइड-माउंट ई-एक्सल विकसित किया है। कंपनी के अनुसार, यह तकनीक अधिक रेंज प्रदान करने के साथ बैटरी के आकार में कमी कर लागत को अनुकूलित करने में मदद करेगी। साथ ही, यह सेंटर और हब-माउंटेड ड्राइव सिस्टम्स की तुलना में अधिक टिकाऊ होने के साथ कम सर्विस और मेंटेनेंस की आवश्यकता रखेगी। इसके अतिरिक्त, साइड-माउंटेड डिजाइन पारंपरिक सेंटर-माउंटेड सिस्टम्स की तुलना में अधिक लगेज स्पेस उपलब्ध कराएगा।

Naoya Nishimura, सीईओ, मुसाशी इंडिया एवं अफ्रीका रीजन ने कहा, “यह एलओआई भारत के इलेक्ट्रिक मोबिलिटी ट्रांजिशन को समर्थन देने की हमारी यात्रा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। हमारा इंटीग्रेटेड पावरट्रेन समाधान नवाचार, दक्षता और विश्वसनीयता पर मुसाशी के फोकस को दर्शाता है। हमें काइनेटिक ग्रीन के साथ साझेदारी कर खुशी है और हम दीर्घकालिक सहयोग की दिशा में आगे बढ़ने को लेकर उत्साहित हैं।”
इस अवसर पर Sulajja Firodia Motwani, संस्थापक एवं सीईओ, काइनेटिक ग्रीन ने कहा, “काइनेटिक ग्रीन में हमारा मानना है कि मोबिलिटी का भविष्य इलेक्ट्रिक, इंटेलिजेंट और सस्टेनेबल है। मुसाशी इंडिया के साथ यह साझेदारी उसी दिशा में एक मजबूत कदम है। इस सहयोग के माध्यम से हम विश्वस्तरीय पावरट्रेन तकनीक को भारतीय उपभोक्ताओं तक बेहतर प्रदर्शन, विश्वसनीयता और वैल्यू के साथ पहुंचा रहे हैं।”
दोनों कंपनियों के बीच यह सहयोग दीर्घकालिक रणनीतिक साझेदारी के रूप में देखा जा रहा है। इसके तहत भविष्य में काइनेटिक ग्रीन अपनी आगामी प्लेटफॉर्म्स में मुसाशी की नेक्स्ट-जनरेशन तकनीकों को अपनाने की दिशा में भी कार्य करेगी।
मुसाशी इंडिया ने कहा कि वह इलेक्ट्रिक मोबिलिटी इकोसिस्टम में अपनी स्थिति को मजबूत करते हुए बाजार की बदलती जरूरतों के अनुरूप उन्नत और एकीकृत पावरट्रेन समाधान उपलब्ध कराती रहेगी तथा ओईएम कंपनियों को सस्टेनेबल ट्रांसपोर्टेशन की दिशा में तेजी से आगे बढ़ने में सहयोग देगी।







