नई दिल्ली: National Testing Agency (NTA) ने पेपर लीक की जानकारी सामने आने के बाद राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (अंडरग्रेजुएट) 2026 यानी NEET UG को रद्द कर दिया है। यह परीक्षा 3 मई 2026 को आयोजित की गई थी, जिसमें 22.79 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था। केंद्र सरकार ने इस मामले की जांच Central Bureau of Investigation (CBI) को सौंपने का आदेश दिया है। NTA ने परीक्षा दोबारा आयोजित करने का फैसला लिया है, हालांकि नई परीक्षा तिथि की घोषणा अभी नहीं की गई है।
NTA ने 10 मई 2026 को जारी अपने प्रेस विज्ञप्ति के क्रम में कहा कि 8 मई 2026 को एजेंसी ने मामले को स्वतंत्र सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए केंद्रीय एजेंसियों को भेजा था। यह कदम राष्ट्रीय परीक्षाओं के निष्पक्ष, सुरक्षित और विश्वसनीय संचालन के प्रति एजेंसी की प्रतिबद्धता के तहत उठाया गया।
NTA ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी बयान में कहा, “केंद्रीय एजेंसियों के साथ समन्वय में जांचे गए इनपुट और कानून प्रवर्तन एजेंसियों द्वारा साझा की गई जांच रिपोर्ट के आधार पर तथा परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से, भारत सरकार की मंजूरी के साथ NTA ने 3 मई 2026 को आयोजित NEET (UG) 2026 परीक्षा को रद्द करने और परीक्षा को दोबारा आयोजित करने का निर्णय लिया है। नई परीक्षा तिथियों की घोषणा अलग से की जाएगी।”
परीक्षा एजेंसी ने इस मामले में कई महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी भी दी है।
- एजेंसी के अनुसार, NTA को प्राप्त इनपुट और जांच एजेंसियों के निष्कर्षों से यह स्पष्ट हुआ कि वर्तमान परीक्षा प्रक्रिया को जारी नहीं रखा जा सकता। दोबारा आयोजित होने वाली परीक्षा की तिथि और नए एडमिट कार्ड जारी करने का कार्यक्रम जल्द ही एजेंसी के आधिकारिक माध्यमों से साझा किया जाएगा।
- केंद्र सरकार ने आरोपों की व्यापक जांच के लिए मामले को CBI को सौंपने का फैसला किया है। NTA ने कहा कि वह जांच एजेंसी को पूर्ण सहयोग प्रदान करेगा और आवश्यक सभी दस्तावेज, रिकॉर्ड तथा अन्य सहायता उपलब्ध कराएगा।
- NTA ने कहा कि यह फैसला छात्रों के हित और राष्ट्रीय परीक्षा प्रणाली में विश्वास बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है। एजेंसी ने माना कि दोबारा परीक्षा कराने से छात्रों और उनके परिवारों को असुविधा होगी, लेकिन एजेंसी का मानना है कि परीक्षा को जारी रखने से इस विश्वास को और अधिक नुकसान पहुंच सकता था।
- एजेंसी ने यह भी स्पष्ट किया कि मई 2026 परीक्षा चक्र के लिए किए गए पंजीकरण, अभ्यर्थियों का डेटा और चुने गए परीक्षा केंद्र दोबारा आयोजित परीक्षा में मान्य रहेंगे। छात्रों को दोबारा पंजीकरण कराने की आवश्यकता नहीं होगी और न ही कोई अतिरिक्त परीक्षा शुल्क लिया जाएगा। इसके अलावा, पहले जमा की गई फीस भी छात्रों को वापस की जाएगी। परीक्षा NTA के आंतरिक संसाधनों के माध्यम से आयोजित की जाएगी।
- NTA ने कहा कि दोबारा परीक्षा की तारीख और नए एडमिट कार्ड जारी करने से संबंधित सभी सूचनाएं एजेंसी के आधिकारिक माध्यमों से जारी की जाएंगी। अभ्यर्थियों और अभिभावकों से केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने और सोशल मीडिया पर प्रसारित अपुष्ट खबरों से बचने की अपील की गई है।







