नई दिल्ली: Lieutenant General NS Raja Subramani को चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) नियुक्त किया गया है। वह भारत सरकार के सैन्य मामलों के विभाग (डिपार्टमेंट ऑफ मिलिट्री अफेयर्स) में सचिव के रूप में भी कार्य करेंगे। उनकी नियुक्ति पदभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी होगी और अगले आदेश तक जारी रहेगी। वर्तमान चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ General Anil Chauhan 30 मई 2026 को अपना कार्यकाल पूरा करेंगे।
लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि वर्तमान में 1 सितंबर 2025 से राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय में सैन्य सलाहकार के रूप में कार्यरत हैं। इससे पहले वह 1 जुलाई 2024 से 31 जुलाई 2025 तक सेना के उप प्रमुख (वाइस चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ) रहे और मार्च 2023 से जून 2024 तक केंद्रीय कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ के पद पर तैनात थे।
जनरल अधिकारी National Defence Academy और Indian Military Academy के स्नातक हैं। उन्हें 14 दिसंबर 1985 को गढ़वाल राइफल्स की 8वीं बटालियन में कमीशन मिला था। वह यूनाइटेड किंगडम के जॉइंट सर्विसेज कमांड स्टाफ कॉलेज, ब्रैकनेल और नई दिल्ली स्थित नेशनल डिफेंस कॉलेज के पूर्व छात्र हैं। उन्होंने लंदन के किंग्स कॉलेज से मास्टर ऑफ आर्ट्स तथा मद्रास विश्वविद्यालय से डिफेंस स्टडीज में एमफिल की डिग्री प्राप्त की है।
40 वर्षों से अधिक के शानदार सैन्य करियर में लेफ्टिनेंट जनरल राजा सुब्रमणि ने विभिन्न संघर्ष क्षेत्रों और भौगोलिक परिस्थितियों में सेवाएं दी हैं तथा कई कमांड, स्टाफ और प्रशिक्षण संबंधी पदों पर कार्य किया है। उन्होंने ऑपरेशन राइनो के तहत असम में काउंटर-इंसर्जेंसी अभियान के दौरान 16 गढ़वाल राइफल्स की कमान संभाली। इसके अलावा उन्होंने जम्मू-कश्मीर में 168 इन्फैंट्री ब्रिगेड और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में केंद्रीय सेक्टर में 17 माउंटेन डिवीजन का नेतृत्व किया। उन्हें भारतीय सेना की पश्चिमी मोर्चे की प्रमुख स्ट्राइक कोर ‘2 कॉर्प्स’ की कमान संभालने का भी गौरव प्राप्त है।
उनकी स्टाफ और प्रशिक्षण नियुक्तियों में नेशनल डिफेंस अकादमी में डिविजनल ऑफिसर, माउंटेन ब्रिगेड के ब्रिगेड मेजर, कजाखस्तान में डिफेंस अटैची, मिलिट्री सेक्रेटरी शाखा में असिस्टेंट मिलिट्री सेक्रेटरी, पूर्वी कमान मुख्यालय में कर्नल जनरल स्टाफ (ऑपरेशंस), जम्मू-कश्मीर में राष्ट्रीय राइफल्स सेक्टर के डिप्टी कमांडर, रक्षा मंत्रालय (सेना) के एकीकृत मुख्यालय में डिप्टी डायरेक्टर जनरल ऑफ मिलिट्री इंटेलिजेंस, पूर्वी कमान में ब्रिगेडियर जनरल स्टाफ (ऑपरेशंस), वेलिंगटन स्थित डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज में चीफ इंस्ट्रक्टर (आर्मी) तथा उत्तरी कमान मुख्यालय में चीफ ऑफ स्टाफ शामिल हैं। उन्हें पश्चिमी और उत्तरी सीमाओं पर ऑपरेशनल परिस्थितियों की गहरी समझ और व्यापक अनुभव प्राप्त है।
उत्कृष्ट सेवाओं के लिए जनरल अधिकारी को परम विशिष्ट सेवा मेडल, अति विशिष्ट सेवा मेडल, सेना मेडल और विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित किया जा चुका है।







