नई दिल्ली: भारत का फार्मा उद्योग अमेरिकी बाजार में नई ऊंचाइयों को छू रहा है। भारत की अग्रणी दवा कंपनी सन फार्मा ने अमेरिका स्थित ऑर्गेनॉन के 11.75 अरब डॉलर के अधिग्रहण का प्रस्ताव रखा है।
नीति आयोग के पूर्व सीईओ अमिताभ कांत ने इस संबंध में एक समाचार रिपोर्ट साझा करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “अमेरिका स्थित ऑर्गेनॉन के 11.75 अरब डॉलर के सन फार्मा द्वारा प्रस्तावित अधिग्रहण भारतीय फार्मा उद्योग के लिए वैश्विक मंच पर परिपक्वता का प्रतीक है।”
अमिताभ कांत ने आगे लिखा, “यह भारत की सबसे बड़ी दवा निर्माता कंपनी को वैश्विक शीर्ष 25 कंपनियों में मजबूती से स्थापित करेगा, साथ ही लगभग 140 देशों में महिला स्वास्थ्य और बायोसिमिलर्स के क्षेत्र में उसकी पहुंच बढ़ाएगा। राजस्व बढ़ाने के अलावा यह अधिग्रहण क्षमताओं को और मजबूत करेगा तथा भारत की अनुसंधान एवं विकास (R&D) और विनिर्माण क्षमता में मजबूत विश्वास का संकेत देता है। यह अमेरिकी बाजार में एक महत्वपूर्ण पकड़ भी सुनिश्चित करेगा।”
सन फार्मा दुनिया की अग्रणी स्पेशियलिटी जेनेरिक दवा कंपनियों में से एक है, जिसकी उपस्थिति इनोवेटिव मेडिसिन्स, जेनेरिक्स और कंज्यूमर हेल्थकेयर उत्पादों में है। यह भारत की सबसे बड़ी फार्मास्युटिकल कंपनी है और अमेरिका सहित वैश्विक उभरते बाजारों में भी एक प्रमुख जेनेरिक दवा कंपनी है।







