Greater Noida: महारिषि मार्कण्डेश्वर (डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी), मुल्लाना के अंतर्गत एम.एम. इंस्टीट्यूट ऑफ कंप्यूटर टेक्नोलॉजी एंड बिजनेस मैनेजमेंट (MMICTBM) द्वारा 6 व 7 मार्च 2026 को अंतर-कॉलेज पुरुष वॉलीबॉल प्रतियोगिता का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के उत्साह और जोश ने पूरे परिसर को खेल भावना से सराबोर कर दिया। प्रतिभागी खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट कौशल, दृढ़ संकल्प, टीमवर्क और प्रतिस्पर्धात्मक भावना का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ एमएमआईसीटीबीएम के प्राचार्य डॉ. सुमित मित्तल ने किया। अपने संबोधन में उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेल गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी करने के लिए प्रेरित किया, ताकि उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथियों के रूप में डॉ. विवेक भटनागर, शिवांश मित्तल तथा डॉ. पूनम शर्मा उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।
इस प्रतियोगिता में महारिषि मार्कण्डेश्वर (डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी) के विभिन्न संस्थानों की कुल 8 टीमों ने भाग लिया और पूरे टूर्नामेंट के दौरान उत्कृष्ट खेल भावना का परिचय दिया।
टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला महारिषि मार्कण्डेश्वर इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट (MMIM) और एमएमआईसीटीबीएम के बीच खेला गया। रोमांचक और कड़े मुकाबले के बाद एमएमआईसीटीबीएम की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया और अपने संस्थान का गौरव बढ़ाया।
यह खेल आयोजन खिलाड़ियों के उत्साह, अनुशासन और खेल भावना का उत्कृष्ट उदाहरण साबित हुआ तथा कार्यक्रम का समापन बड़े उत्साह और सफलता के साथ हुआ।







